Gonda News : पेड़ के बंटवारे को लेकर विवाद, पुलिस ने निपटाया मामला

प्रेम नारायण मिश्र

धानेपुर, गोण्डा। 41 हिस्सेदारों के बीच पेड़ों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद को पुलिस ने किसी प्रकार सम्हाल लिया। जानकारी के अनुसार, विगत दिनों आंधी तूफ़ान की वजह से क्षेत्र में कई पेड़ गिरे थे। क्षेत्र के ग्राम लेदई पुरवा के एक बाग़ में गिरे पेड़ के कई हिस्सेदार होने की वजह से विवादों में उलझ गया था। दरअसल जिस बाग़ में यह पेड़ था, उसमे क,ख,ग,घ के चार खण्ड के 41 हिस्सेदार हैं। विवादित पेड़ क,ख,ग,घ में से किस खण्ड में स्थित है? इसकी प्रामाणिकता किसी के पास नहीं थी। लालचवश हर हिस्सेदार अपने ही खण्ड में पेड़ स्थित होने की बात पर अड़ा हुआ था। किसी प्रकार समझौता न होने की स्थिति में एक पक्ष शिव शंकर पुत्र भवानी प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से उप जिलाधिकारी को लिखित पत्र देकर विवाद का निस्तारण कराने की मांग की गयी। इस पर एसडीएम द्वारा थाना धानेपुर व राजस्व निरीक्षक को आदेशित किया गया कि सभी पक्षों को बुलाकर प्रकरण का निस्तारण कराते हुए शान्ति ब्यवस्था बनाये रखें। इस पर कार्यवाही करते हुए थानाध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी द्वारा निर्णय दिया गया कि पेड़ की कटान होने दिया जाय। पेड़ की कीमत ठेकेदार के पास थानाध्यक्ष की निगरानी में सुरक्षित रखा जाएगा। पैमाइश के बाद जिस पक्ष के हिस्से में पेड़ आएगा, पेड़ की कीमत उसे सुपुर्द की जायेगी। इस करार पर दोनों पक्षों को राजी कर अतुल चतुर्वेदी ने सूझबूझ के साथ समझौता पत्र पर दोनों पक्षां का हस्ताक्षर लेकर समाधान कराया। पंडित रामानंद तिवारी ने कहा कि थानाध्यक्ष द्वारा लिए गए निर्णय पर हम सभी लोग सहमत हैं। पैमाइश के बाद जो निर्णय होगा, उसे सहर्ष स्वीकार किया जाएगा। प्रकरण में अपने हिस्से की पैरवी कर रहे पंडित दिनेश कुमार तिवारी ने भी इस पर सहमति प्रदान की है।

error: Content is protected !!