विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश: ब्रजेश पाठक

लखनऊ को माॅडल सिटी बनाने में सहयोग करें: सुरेश खन्ना

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। लखनऊ के विकास का अटल जी ने जो सपना देखा था, उस सपने को पूरा करने का काम रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं। लखनऊ में बना शहीद पथ अटल जी के आशीर्वाद से राजनाथ सिंह की ही देन है। लखनऊ में एक दर्जन से अधिक फ्लाईओवर बनवाने का काम राजनाथ सिंह ने किया। उपमुख्यमंत्री लखनऊ महापौर के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाना है। विकास व स्वच्छता के मामले में लखनऊ को नंबर एक बनाना है। उन्होंने कहा कि मैं भरोसा दिलाता हूं कि लखनऊ के विकास के लिए खजाने की कमी नहीं होने दी जायेगी।

लखनऊ को माॅडल सिटी बनाने में सहयोग करें: सुरेश खन्ना

इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि केन्द्र सरकार ने लखनऊ को स्मार्ट सिटी घोषित किया है। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों सेे कहा कि आप लोग जितनी माॅनिटरिंग और जितना परिश्रम करेंगे, उतना बेहतर परिणाम आयेगा। शहर में बुनियादी सुविधाएं चुस्त-दुरुस्त हों, यह हम सबकी जिम्मेदारी है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि आज तक इतिहास में इतने अधिक मतों से मेयर और इतनी अधिक संख्या में पार्षद यहां पर जीतकर नहीं आये हैं। इसके लिए आप लोगों को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को बढ़ावा देने,सीवर लाइन में सुधार और लखनऊ को जाम से निजात दिलाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पार्षदों से लखनऊ को माॅडल सिटी बनाने के लिए मन, वचन और कर्म से सहयोग करने का संकल्प दिलाया।

बृजनन्दन/सियाराम

error: Content is protected !!