विकसित भारत संकल्प यात्रा : जनता को जोड़ने के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन

– अबतक 37 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी

लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को मिशन के रूप में धरातल पर उतार रही योगी सरकार देश में चल रही तमाम योजनाओं में शीर्ष स्थान पर है। इस कड़ी में अब विकसित भारत संकल्प यात्रा का नाम भी जुड़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशन में प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

आगामी 26 जनवरी तक चलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री मोदी ने 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से किया था। अबतक देशभर में एक करोड़ से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में यह संख्या 37 लाख से अधिक पहुंच गयी है। महाराष्ट्र में 12.07 लाख और गुजरात में 11.58 लाख से अधिक लोगों ने इन यात्राओं में भागीदारी की। जम्मू-कश्मीर में 09 लाख से अधिक लोग भाग ले चुके हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा सरकार और जनता के बीच संबंधों को मजबूत आधार देने का सशक्त और परिवर्तनकारी अभियान बन चुका है। इसके माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लिए ऑन दी स्पॉट रजिस्ट्रेशन, ड्रोन दीदी अभियान के तहत ड्रोन वितरण, शासन की योजनाओं का प्रचार प्रसार खासकर महिला केंद्रित योजनाओं के लिए जागरुकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही लोगों से आह्वान किया जा रहा है कि वे अपने लाभ के लिए सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के 57709 ग्राम पंचायतों और 777 नगरीय निकायों को शामिल किया गया है। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को प्रदेश के 10 जिलों के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। इनमें चंदौली, अमेठी, खीरी, गाजियाबाद, फतेहपुर, लखनऊ, आगरा, जालौन, मीरजापुर और मुजफ्फरनगर शामिल हैं। इन सभी दस जिलों में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रीगण भी उपस्थित रहे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के निर्देश हैं कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करायी जाए। इसके अलावा मंत्रीगण एवं राज्यपाल को भी किसी जनपद में आगमन पर कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए, साथ ही साथ सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत प्रमुख को विकसित भारत संकल्प यात्रा की कार्य योजना की प्रति उपलब्ध कराई जाए। यह शहरी और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर जनता से संवाद, विभिन्न योजनाओं के लिए ऑन दी स्पॉट रजिस्ट्रेशन और जागरुकता बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री की ओर से इस बात के भी स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों में स्थानीय लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, प्राथमिक विद्यालयों के हेड मास्टर, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, समूह सखी और कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधि की दैनिक उपस्थिति को सत्यापित किया जाए।

दिलीप शुक्ल/पवन

error: Content is protected !!