मुख्यमंत्री योगी ने अरुण जेटली को पुण्यतिथि पर किया नमन, कहा उनका जीवन-व्यक्तित्व अनुकरणीय

-विस अध्यक्ष हृदय नारायण बोले, अरुण जेटली ने भारत की प्रगति में दिया अविस्मरणीय योगदान 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी है। 
मुख्यमंत्री ने सोमवार को ट्वीट किया कि कुशल संगठनकर्ता, योग्य प्रशासक, गुणी विधिवेत्ता, ओजस्वी वक्ता तथा सरल, सहज व सौम्य व्यक्तित्व के धनी पूर्व केंद्रीय मंत्री, अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। समाज-राष्ट्र की सेवा में अर्पित आपका जीवन-व्यक्तित्व अनुकरणीय है। आप हमारी स्मृतियों में अमर हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि महान राजनेता एवं कानून के विद्वान अरुण जेटली ने भारत की प्रगति में अविस्मरणीय योगदान दिया है, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि भारत के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ, कुशल रणनीतिकार, प्रखर वक्ता व प्रख्यात अधिवक्ता एवं देश के पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, उनके आदर्श और उनके विचार, सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट किया कि अपनी कुशलता व कर्मठता से देश की वित्तीय व्यवस्था का जीर्णोद्धार करने वाले भारत के पूर्व वित्त मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। वह सदैव एक आदर्शवादी राजनीतिक नेता के के रूप में देशवासियों के स्मरण में रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/संजय/राजेशSubmitted By: Sanjay Singh Fartyal Edited By: Rajesh Kumar Tiwari Published By: Rajesh Kumar Tiwari at Aug 24 2020 10:53AM

error: Content is protected !!