मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने माधवराव सिंधिया की मूर्ति का अनावरण किया

– मैनपुरी की जनता को करोड़ों की परियोजनाओं की सौगात दी

मैनपुरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मैनपुरी पहुंचकर पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही मैनपुरी जनपद को 173 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए 1998 से 2001 के बीच संसद में माधवराव सिंधिया के साथ बिताए हुए पलों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि निकाय चुनाव में समर्थन देने के लिए मैं आपका आभारी हूं।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते छह वर्ष में एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है। प्रदेश में 54 लाख लोगों को आवास दिए। हर गांव में बिजली पहुंचाई। एक करोड़ परिवारों को पेंशन दे रहे हैं। धीरे-धीरे विकास की लहर हर एक घर तक पहुंच रही है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत माधवराव सिंधिया की मूर्ति के अनावरण पर कहा कि मैनपुरी में चौराहा उनके नाम पर है और आज उनकी प्रतिमा की स्थापना करने का अवसर हमें मिला है। उन्होंने कहा कि माधवराव सिंधिया का जो स्मारक यहां बना है वह छोटा है, उसे भव्य और सुंदर बनाने का काम कार्य किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्व. माधवराव सिंधिया नौ बार सांसद रहें। उन्होंने अपने हर मंत्रालय के क्रांतिकारी सुधार किए थे। भारतीय रेल आज भी उनको स्मरण करती है। उनका नाम भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हैं। शताब्दी रेल की शुरुआत माधवराव सिंधिया ने ही की।

उन्होंने कहा कि माधवराव सिंधिया ने हमेशा सकारात्मक राजनीति की। एक दुखद घटना ने उनको हमसे छीन लिया था। आज हम सबके लिए भावुक क्षण है। हम भारत के एक सपूत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जब वो हादसा हुआ था, तब हर देशवासी ने दुख का अनुभव किया था। हमने एक बेहतरीन नेता खो दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधिया परिवार का भारतीय राजनीति में अहम योगदान रहा है। राम जन्मभूमि आंदोलन में राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी का योगदान सबको याद है। उसके लिए ग्वालियर के राजघराने ने ही मदद दी थी। आज प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी के निर्देशन में अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है।

जनता को दी 173 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माधवराव सिंधिया की प्रतिमा अनावरण के साथ ही मैनपुरी की जनता को एक सौ तेहत्तर करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जिले में होने वाले विकास कार्यों से बदला हुआ मैनपुरी दिखाई देगा।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, अनूप प्रधान बाल्मीकि, हरनाथ सिंह यादव, रामनरेश अग्निहोत्री, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, अर्चना भदौरिया, प्रदीप सिंह चौहान, संगीता गुप्ता, पूर्व विधायक अशोक सिंह, आलोक गुप्ता, तुलसी सिलावट, गोविन्द सिंह राजपूत आदि मौजूद रहें।

रोहित

error: Content is protected !!