UP News : स्मार्ट बन जाएंगे गाजियाबाद नगर निगम के स्कूल
गाजियाबाद (हि.स.)। महानगर में गाजियाबाद नगर निगम के स्कूल अब पूरी तरह से स्मार्ट हो जाएंगे। स्कूलों में छात्राओं की पढाई से लेकर शिक्षकों के बारे में सारी जानकारी एक स्कूलिंग एजूकेशन ऐप में मौजूद होगा। इससे इन स्कूलों का पर्यवेक्षण करना आसान होगा और पढ़ाई का स्तर भी सुधरेगा।
नगर निगम के प्रेक्षागृह में रविवार को महापौर आशा शर्मा, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर की स्कूलों की प्रधानाचार्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में स्कूलिंग एजूकेशन ऐप को लागू करने पर चर्चा हुई और शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए इस ऐप को लागू करने का निर्णय लिया गया। इस ऐप को प्रधानाचार्यों द्वारा संचालित किया जाएगा। ऐप में स्कूल में पढने वाली सभी छात्राओं का डाटा फीड होगा। इससे उनकी पढाई के स्तर की पूरी जानकारी मिल सकेगी। बच्चे के पढ़ाई में अव्वल या पिछड़ने की जानकारी भी इस ऐप में मौजूद रहेगी। उस बच्चे में गुणात्मक सुधार के लिए शिक्षकों को उपाय भी बताए जाएंगे। महापौर आशा शर्मा ने कहा कि आधुनिक युग नई तकनीकी से शिक्षा देने का युग है। अभी भी आॅनलाइन क्लास चल रही है। अब नई शिक्षा प्रणाली का प्रयोग किया जाएगा और सभी निगम स्कूलों में स्मार्ट क्लास चलेगी। इन स्कूलों में कार्यरत अध्यापिकाओ को अध्यापन की नई शिक्षा पद्धति के साथ प्रशिक्षित किया जायेगा। सभी स्कूलो में कम्प्यूटर लेब बनाई जाएगी। जिन बच्चों के पास स्मार्ट फोन है, उनकी सूची तैयार की जाएगी और स्कूलिंग ऐप से उन्हें लिंक किया जाएगा। केवल कक्षा छह से 12 तक के बच्चों को ही इस ऐप से जोड़ा जाएगा।