Up news : सपा, कांग्रेस के नेताओं ने शुरु किया टिकट की दावेदारी, टांगी होर्डिंग
लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ में दीपावली एवं भैयादूज के अवसर पर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के नेताओं ने अलग—अलग विधानसभाओं में टिकट की दावेदारी करते हुए बधाईयों वाली होर्डिंग टांग दिया है। प्रदेश में हुए उपचुनाव में एक सीट पाने वाले समाजवादी पार्टी के नेताओं में ज्यादा ही उत्साह है।
लखनऊ उत्तर विधानसभा में परिवर्तन चौराहे से आईटी चौराहे की ओर जाते हुए हनुमान सेतु पर सपा नेताओं की होर्डिंग को देखा जा सकता है। सपा नेताओं में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवजन सभा चांद सिद्दकी, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला ने विधानसभा में अपने टिकट की दावेदारी करते हुए क्षेत्रवासियों के बीच होर्डिंग को टांग अपने चुनाव लड़ने के संकेत दे दिये हैं। लखनऊ उत्तर विधानसभा से ही देशराज यादव ने भी अपनी दावेदारी कर दी है, उनका प्रचार सोशल मीडिया पर भी धड़ल्ले से हो रहा है।
लखनऊ पश्चिम विधानसभा में भी कुछ हाल ऐसा ही है। सपा के नेताओं प्रमोद सिंह यादव, सैंडी यादव, अरमान खान ने अपनी होर्डिंगों को चौराहों, मार्गो पर लगाया है। शहर के बाहर ग्रामीण क्षेत्र में आने वाले विधानसभा बक्शी का तालाब में कांग्रेस के नेता ललन कुमार ने अपनी होर्डिंग टांग रखी है।
मोहनलालगंज विधानसभा में नई पार्टी के रुप में उभर रही भीम आर्मी के बबलू रावत के समर्थकों ने होर्डिंग टांगी है। वहीं वर्ष 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री आरके चौधरी ने भी दीपावली, भैयादूज की शुभकामनाओं वाली प्रचार सामग्री मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में टांगी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुए उपचुनाव में सात में से छह सीटों पर अपना कब्जा जमाने वाली भारतीय जनता पार्टी के विधायकों एवं मंत्रियों के समर्थक भी पीछे नहीं है। समर्थकों ने अपने नेताओं को होर्डिंग में जगह देते हुए बड़ी, छोटी होर्डिंगों को जगह जगह पर टांगा है।