UP News : मिशन शक्ति अभियान में छात्राओं ने दिखाया दम


– रंगोली के माध्यम से दिया कोरोना को दूर करने का संदेश – हाथों की मेंहदी ने भी सिखाया कोविड-19 से बचाव के गुर 

कानपुर (हि.स.)। कोरोना महामारी से बचाव के लिए जनता को जागरुक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मसवानपुर स्थित विद्यालय में छात्राओं के लिए रंगोली और मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन से पूर्व मिशन शक्ति और सीफार संस्था के सहयोग से मिसवानपुर चौराहे से विद्यालय तक एक जागरूकता साइकिल रैली भी निकाली गई।  मिशन शक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित यह अभियान निकट भविष्य में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन में मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर छात्राओं ने मेंहदी व रंगोली प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन किया। आकर्षक और मनमोहक रंगोली मेंहदी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। वहीं जूडो प्रतियोगिता में 25 बेटियों ने आत्मरक्षार्थ जूडो का भी प्रदर्शन किया। महिला कल्याण अधिकारी मोनिका यादव, सुपरवाइजर ललित सक्सेना, मिशन शक्ति की जिला समंवयक शशी देवी, शैल शुक्ला, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना द्विवेदी, हमारा ब्लैक बोर्ड संस्था के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव, विद्यालय की शिक्षकाएं मिथलेश वर्मा, संगीता अग्रवाल, वंदना शुक्ला, अमृता सिंह, रागिनी अवस्थी और सोनी मिश्रा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। 
छात्राओं ने आत्मरक्षा के खेल से सभी को मोहा
प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति योजना को बढावा देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा के खेल जूडो का प्रर्दशन कर वहां मौजूद बालिकाओं को उसके गुर भी बताए। बालिकाओं की जूडो प्रतियोगित में शालू पाल को प्रथम, गौरी को द्वतीय और कशिश कुशवाहा को तृतीय स्थान हासिल हुआ। इसी तरह बालक वर्ग में महफूज अंसारी ने पहला स्थान, अर्जुन पटेल ने दूसरा और आर्यन तिवारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। शशिकांत वर्मा और आदर्श यादव ने भी बेहतरीन प्रदशर्न किया। इस मौके पर बॉक्सिंग और जूडो एसोसिएशन के महासचिव आजाद सिंह सहित प्रशिक्षक बरखा, योगेंद्र यादव, सुधांशु और शशिकांत मौजूद रहे।

error: Content is protected !!