UP News : बिना लक्षण वाले मरीजों को अब सात दिन में छुट्टी

प्रादेशिक डेस्क

प्रयागराज। बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को अब सात दिन बाद ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा, वह भी बिना जांच किए। शासन ने संक्रमित मरीजों के डिस्चार्ज नीति में बदलाव किया है। घर जाने के बाद उन्हें आठ दिन के आइसोलेशन में रहना होगा। अभी तक व्यवस्था थी कि बिना लक्षण वाले संक्रमित मरीजों को 10 दिन बाद डिस्चार्ज किया जाता था। इस बीच अगर उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं तो फॉलोअप जांच भी अनिवार्य नहीं थी। लेकिन अब इसमें फिर से बदलाव किया गया है। मंगलवार को जारी शासनादेश में कहा गया है कि बिना लक्षण वाले मरीजों को भर्ती होने के सात दिन बाद बिना जांच के डिस्चार्ज किया जाए। पोर्टल पर भी उन्हें रिकवर्ड दिखाया जाए।
शुरुआती या फिर हल्के लक्षण वाले कोरोना संक्रमितों को अब आठवें दिन डिस्चार्ज करने का निर्देश है। इसके दायरे में वे संक्रमित आएंगे जिन्हें हल्की खांसी, बुखार या फिर गले में हल्का दर्द होता है। ऐसे संक्रमितों को पहला सैम्पल लिए जाने के आठवें दिन फिर से नमूना लिया जाएगा। उसकी जांच ट्रू नेट मशीन में होगी, जिससे रिपोर्ट उसी दिन आ जाए। निगेटिव आने पर उन्हें सात दिन के होम आइसोलेशन का निर्देश देकर डिस्चार्ज किया जाएगा। होम आइसोलेशन वाले कोरोना संक्रमित 10 दिन बाद स्वस्थ माने जाएंगे। शासन की ओर से जारी गाइड लाइन में साफ कहा गया है कि बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित 10 दिनों तक होम आइसोलेशन होंगे। इसके बाद ही उन्हें स्वस्थ माना जाएगा। इसका उल्लेख पोर्टल पर भी होगा। 10 दिन बाद मरीज को सात दिनों तक फिर से होम आइसोलेशन में रहना होगा।

डिस्चार्ज से पहले इनका हो पालन :

रोगियों में किसी प्रकार के लक्षण प्रदर्शित नहीं होने चाहिए।
डिस्चार्ज के ठीक तीन दिन पहले से रोगी को बुखार नहीं आना चाहिए।
रोगियो का ऑक्सीजन सैचुरेशन बिना किसी सपोर्ट के 94 फीसदी से अधिक हो।
गंभीर रोगियों को डिस्चार्ज करने से पहले उनका चेस्ट एक्स-रे जरूर किया जाए।

error: Content is protected !!