UP News : बहनों के साथ महंत देव्या गिरी ने मनाया भैयादूज, बताया महात्म्य

लखनऊ(हि.स.)। प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में महंत देव्या गिरि ने सोमवार को भैयादूज कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं को एकत्रित किया। बहनों के साथ मिलकर महंत ने कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को बहन-भाई के प्रेम के प्रतीक महान पर्व भैयादूज पर पूजन किया। 

मनकामेश्वर मंदिर में आयोजित भैयादूज कार्यक्रम के दौरान महंत देव्या गिरी ने पर्व का महात्म बताते हुए कहा कि यमुना यमराज से बड़ा स्नेह करती थी। कार्तिक शुक्ल पक्ष को यमुना ने उस दिन फिर यमराज को भोजन के लिए निमंत्रण देकर, उसे अपने घर आने के लिए वचनबद्ध कर लिया। यमराज ने सोचा कि मैं तो प्राणों को हरने वाला हूं। मुझे कोई भी अपने घर नहीं बुलाना चाहता। बहन जिस सद्भावना से मुझे बुला रही है, उसका पालन करना मेरा धर्म है।
महंथ ने कहा कि यमुना द्वारा किए गए आतिथ्य से यमराज ने प्रसन्न होकर बहन को वर मांगने का आदेश दिया। यमुना ने कहा कि भद्र, आप प्रति वर्ष इसी दिन मेरे घर आया करो। मेरी तरह जो बहन इस दिन अपने भाई को आदर सत्कार करके टीका करें, उसे तुम्हारा भय न रहे। यमराज ने तथास्तु कहा। इसी दिन से पर्व की परम्परा बनी हुई है। ऐसी मान्यता है कि जो भाई आतिथ्य स्वीकार करते हैं, उन्हें यम का भय नहीं रहता। इसीलिए भैयादूज को सभी लोग यमराज तथा यमुना का पूजन कर इस प्रेम के प्रतीक पर्व को साकार करते है। पूजन में बहन नीतू निषाद, गौरजा गिरि, अंशिका कल्याणी, नीतू, अग्रहरि इत्यादी मौजूद रही। 

error: Content is protected !!