UP News : टार्च की रोशनी में खेल रहे थे जुआ, पुलिस ने आठ को पकड़ा
वाराणसी (हि.स.)। ज्योति पर्व दीपावली बीतने के बाद भी जुआरी जिले में जगह-जगह जुआ खेल रहे हैं। लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर भट्टा परिसर में रविवार की देर रात मोबाइल का टार्च जलाकर जुआ खेल रहे आठ जुआरियों को पुलिस ने दबोच लिया। देर रात पुलिस के अभियान से जुआरियों में हड़कम्प मच गया। अंधेरे का लाभ उठाकर कई जुआरी भागने में सफल रहे।
लोहता थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा खेलने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान में देर रात वह अपने हमराहियों के साथ गश्त कर रहे थे। ग्राम चुरामनपुर भट्टा परिसर में टार्च की जलती रोशनी को देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां कुछ युवकों को जुआ खेलते देखा।
पुलिस टीम ने घेर कर आठ युवकों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 19,430 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार युवकों विजय पटेल, ईदुल पटेल, श्याम लाल पटेल, भोला मौर्या, सतीश गौड़, सूरज कुमार, अनूप राजभर, जमशेद खान ने बताया कि दीपावली पर भाग्य जगाने के लिए जुआ खेल रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।