UP News : जनवरी तक चालू कर दिया जायेगा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे : अवनीश अवस्थी

-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे दिसम्बर 2021 तक चालू होगा

आजमगढ़, 07 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शनिवार को अपर गृह सचिव व यूपीडा सीईओ अवनीश कुमार अवस्थी और अपर मुख्य सचिव आवस्थापना आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की समीक्षा के बाद दावा किया कि निर्माण कार्य तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संभावना व्यक्त किया कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में शत-प्रतिशत निर्माण पूरा हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो गया है। जिसमें 6 प्रतिशत तक काम पूरा किया जा चुका है, काम तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। लिंक एक्सप्रेसवे भी दिसम्बर 20121 या जनवरी 2022 तक काम को पूरा कर लिया जायेगा। इसके साथ ही जब तक पूर्वांचल एक्सप्रेस शुरू होगा तब तक प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रिंग रोड भी चालू हो जायेेगा। 

आजमगढ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पैकेज-5 व 6 के कैम्प कार्यालय किशुनदासपुर में पहुंचे यूपीडा के सीईओ अवनीश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव आवस्थापना आलोक कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। सड़क को खुदवाकर उसकी गुणवत्ता को चेक किया। इसके बाद उन्होंने कैम्प कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

समीक्षा बैठक के बाद बातचीत करते हुए अवनीश अवस्थी ने कहा कि एक्सप्रेसवे के पैकेज- 4 का निरीक्षण किया गया है। आजमगढ़ में पैकेज 5 व 6 का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि पैकेज पांच में दो स्थानों पर क्रिटिकल निर्माण कार्य चल रहे हैं। लेकिन कोशिश की जा रही है कि जनवरी के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाय और सड़क चालू हो जायेगी। एक-दो स्थानों को छोड़कर सड़क दोनों तरफ चालू हो जायेगी। लेकिन पैकेज 6 में एक दो स्थानों पर किसानों की समस्याओं का समाधान करना है। इसके लिए निर्देश दिये है कि जहां छोटे-मोटे सेक्शन में समाधान होना है उसे एक सप्ताह में सुनिश्चित कर लिया जाय। 

उन्होंने कहा कि पैकेज 6 सबसे छोटा है। इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी कोशिश है कि एक्सप्रेसवे को जनवरी के अंत तक हर हाल में चालू कर दे। उन्होंने कहा कि जब तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे चालू होगा तब तक लखनऊ का रिंग रोड भी चालू हो जायेगा। जिसके बाद आजमगढ़ से दिल्ली का सफर सात से आठ घंटे में पूरा हो जायेगा। 

वहीं एक सवाल के जबाव में अवनीश अवस्थी ने बताया कि दीपावली तक ही एक्सप्रेसवे को चालू किया जाना था लेकिन कोविड-19 के कारण करीब दो माह काम नहीं हुआ। जिससे हम पीछे चले गये। इसके कारण काम में देरी हुई है। लेकिन पूरी कोशिश है कि जनवरी के अंत तक इसे पूरा कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू हो गया। उसके सम्बन्ध में अधिकारियों से बात हुई है। लगभग 6 प्रतिशत का काम पूरा हो चुका है। लिंक एक्सप्रेसवे पर सबसे बड़ा पुल घाघरा नदी पर बन रहा है जोकि 750 करोड़ की लागत से बन रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे भी दिसम्बर 2021 या जनवरी 2022 तक तैयार हो जायेगा। इसके बन जाने के बाद आजमगढ़ केन्द्र होगा और लोगों को लखनऊ, अयोध्या और दिल्ली जाने में सहूलियत होगी। 

error: Content is protected !!