UP News : छठ पूजा स्थलों पर चलाया जाए सफाई अभियान : महापौर


– महापौर ने छठ पूजा स्थलों का लिया जायजा, गंदगी पर जताई नाराजगी

कानपुर (हि.स.)। पूर्वांचल और बिहार के लोगों की शहर में अच्छी खासी आबादी होने से यहां भी छठ पूजा धूमधाम से मनाया जाता है। पनकी और कल्याणपुर नहरिया के साथ रावतपुर के नमक फैक्ट्री आदि जगहों पर लोग अपनी-अपनी वेदिकाएं भी बनाये हुए हैं। इन पूजा स्थलों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय अधिकारियों के साथ निकली। ऐसी सभी जगहों पर गंदगी को देख महापौर ने नाराजगी जताई और कहा कि छठ पूजा स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जाये। उन्होंने कहा कि पर्व से पहले पूजा स्थलों को साफ-स्वच्छ कर दिया जाये, ताकि पर्व मनाने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।  
आमतौर पर दीपावली के बाद से छठ पूजा स्थलों की सुधि लेने वाला नगर निगम इस बार पहले से ही सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय ने नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी और नगर निगम अफसरों के साथ छठ पूजा स्थलों का जायजा लेने के लिए निकल पड़ी। महापौर का काफिला सबसे पहले अर्मापुर नहरिया पहुंचा और यहां का हाल पूरी तहर से बेहाल नजर आया। यहां पर गंदगी का अंबार था और जगह भी समतल नहीं थी। नहर में भी हर जगह पॉलीथिन और गंदगी के ढेर मिले। बताया गया कि जल निगम ने यहां बिनगवां से पनकी पावर हाउस तक पाइप लाइन डाली है जिसकी वजह से यहां खुदाई की गयी है, खुदाई की वजह से वेदियां भी क्षतिगग्रस्त हो गयी हैं। नगर निगम अफसरों ने बताया कि पिछले वर्ष ही यहां पर सीसी रोड और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाये गये थे। इसको लेकर महापौर ने नाराजगी जाहिर की। महापौर की नाराजगी के बाद जल निगम अफसरों ने कहा कि 12 नवम्बर तक छठ पूजा मार्ग का समतलीकरण कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने रोड कटिंग की फाइल की जांच कराने को कहा है। महापौर ने छठ पूजा तक यहां पर किसी तरह की खुदाई न करने के निर्देश दिये। इसी तरह कल्याण्पुर नहर में घाट के आसपास गंदगी मिली। यहां पर सफाई अभियान चलाने और वेदियों की रंगाई पुताई आदि के निर्देश दिये गये। कल्याणपुर के बाद महापौर नमक फैक्ट्री चौराहा पहुंची और छठ पूजा स्थल के सुंदरीकरण का निर्देश दिया। 

error: Content is protected !!