UP News : गिरफ्तार नर्स खोलेगी अस्मिता के सारे राज

जल्द होगा नवजात बच्चों के सौदागरों का हर ’राजफाश’

प्रादेशिक डेस्क

आगरा। कोख के सौदागर गैंग की सरगना नेपाल की अस्मिता की एजेंट सिलीगुड़ी की नर्स कल्पना और उसके पति सूरज को पुलिस आगरा ला रही है। इससे पहले दोनों को शनिवार को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी। अब पुलिस दोनों से पूछताछ करेगी। विगत 19 जून को थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर पुलिस ने फरीदाबाद की नीलम सहित पांच लोगों को तीन नवजात बच्चियों के साथ पकड़ा था। तीनों को बेचने के लिए नेपाल बॉर्डर ले जाया जा रहा था।
नीलम ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर कई राज खोले थे। बाद में नीलम का एजेंट आनंद राहुल सारस्वत पकड़ा था। पुलिस ने उसे छह दिन की रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ में नोएडा के डॉ. विष्णुकांत का नाम सामने आया था। अस्मिता डॉक्टर की पत्नी है। डॉक्टर ही मास्टरमाइंड है। राहुल को पुलिस सिलीगुड़ी लेकर गई थी। शुक्रवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा निवासी नर्स कल्पना और उसके पति सूरज को गिरफ्तार किया था। उन्होंने राहुल से दो लड़के लिए थे। इसके बाद नेपाल के एजेंट के हवाले किए थे। पुलिस ने शनिवार को कल्पना और सूरज को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से दोनों की ट्रांजिट रिमांड मांगी। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड दे दी।
एसपी आरए प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी कल्पना और उसके पति सूरज को आगरा लाया जा रहा है। उनसे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बच्चे बेचे थे। इसलिए दोनों आरोपी हैं। कल्पना अस्मिता के लिए काम करती है। उसके सिलीगुड़ी में कितने एजेंट और हैं? इसके बारे में दोनों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस कोख के सौदागर गैंग के मास्टरमाइंड डॉ. विष्णुकांत की तलाश में लगी है। वह कर्नाटक भाग गया है। इसलिए पुलिस अब कर्नाटक पुलिस से संपर्क करने में लगी है। वहीं अस्मिता के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। इसलिए नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

error: Content is protected !!