UP News : किसानों को जेल भेजकर उनका उत्पीड़न कर रही है योगी सरकार : अजय कुमार लल्लू

-कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, पराली के नाम पर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो सड़कों पर प्रदर्शन करेगी पार्टी
लखनऊ(हि.स.)। पराली जलाने के नाम पर योगी सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने पराली खरीदकर उसका समस्या समाधान का निर्देश दिया था लेकिन सरकार किसानों का उत्पीड़न करने में लगी है। अकेले सहारनपुर में एक सप्ताह के भीतर पराली जलाने का आरोप लगाकर 16 किसानों को जेल भेज दिया गया है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कही। 
उन्होंने कहा कि पराली के नाम पर उत्पीड़न बंद कर जल्द उसका समाधान नहीं किया जाता है तो कांग्रेस सरकार के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि अकेले सहारनपुर जनपद में अब तक 16 किसानों को एक सप्ताह में पुलिस ने जेल भेज दिया है और सैंकड़ों किसान अपनी गिरफ्तारी के भय से अपना घर परिवार छोड़कर भागने के लिए विवश हैं। प्रदेश सरकार के इस पुलिसिया उत्पीड़न से किसानों में भय एवं आक्रोष व्याप्त है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सूखा, ओलावृष्टि की प्राकृतिक आपदा की मार व बैंकों व साहूकारों के कर्ज के जाल में फंसकर आर्थिक संकट से बेहाल किसान पर सरकारी अत्याचार की दोहरी मार से बदहाल किसान हर तरह के संकट की मार झेल रहा है जिसके परिणामस्परूप बुन्देलखण्ड में सर्वाधिक किसानों ने आत्महत्याएं भी की हैं।  
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि प्रदेश सरकार किसानों का उत्पीड़न करना बन्द करे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सम्यक कदम उठाये। अन्यथा कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरने के लिए विवश होगी। उन्होने पराली के मुद्दे पर सहारनपुर में गिरफ्तार किये गये सभी किसानों को तुरन्त रिहा करने की मांग की है।  
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ जहां किसानों को धान बेचने के लिये क्रय केंद्रों पर चार-चार दिन तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है और न्यूनतम समर्थन मूल्य रू0 1886 के स्थान पर तमाम कमियां बताकर आठ सौ से लेकर नौ सौ रुपये प्रति कुन्तल में किसानों को अपनी धान की उपज बेंचने के लिए विवश कर रही है और उनका शोषण करने पर उतारू है। यह खबरें प्रदेश के लगभग हर जनपद से आ रही हैं और समाचारपत्रों की सुर्खियां बन रही हैं।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि वहीं दूसरी तरफ बुंदेलखंड के किसान सूखे की चपेट में हैं और नहरों में पानी न आने के कारण जनपद झांसी के किसान विगत 30 अक्टूबर से लगातार धरने पर बैठे है क्योंकि समय से पानी न आने की वजह से रवी फसल की बुआई के लिए खेतों की तैयारी में अत्यधिक देरी हो रही है। पिछली फसल की बर्बादी से कराह रहा किसान अपनी नई फसल की समय से बुआई न कर पाने के भय और आशंका से दुःखी है। इस मुद्दे पर सरकार की चुप्पी बता रही है कि उसके एजेंडे में किसान नहीं है।
 

error: Content is protected !!