UP News : ऑनलाइन ठगी करने वाले अन्तर्राष्ट्रीय गिरोह के दस सदस्य गिरफ्तार

सहारनपुर (हि.स.)। सहारनपुर पुलिस ने एक महिला समेत अन्तर्राष्ट्रीय गिरोह के दस ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नेपाल के ठग शामिल है।सभी आरोपित सीधे-साधे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे। पुलिस ने इन्हे गिरफ्तार करने के बाद 1400 पेटीएम अकाउंट भी ब्लाॅक कराए हैं। 

एसएसपी डाॅ. एस चिनप्पा ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गिरोह लंबे समय से सीधे-साधे लोगों को ठगने के काम में लगा था। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज ले लिया करते थे। बाद में इन दस्तावेजों से फर्जी सिमकार्ड लेकर पेटीएम अकाउंट बनाते थे और केवाईसी करके उन्हें दिल्ली के एक गिरोह को बेच दिया गया करते थे। इसके बदले उन्हें एक हजार रुपए प्रति अकाउंट मिलता था। पकड़े गए आरोपितों के पास से एक कंप्यूटर, एक स्कैनर प्रिंटर, 24 मोबाइल फोन और 664 सिम समेत अन्य दस्तावेज मिले हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने 1400 पेटीएम अकाउंट ब्लॉक कराए हैं। इन अकाउंट में करीब 53 लाख रुपए की धनराशि है। यह सभी पेटीएम अकाउंट सहारनपुर के लोगों के नाम पर बनाए गए थे। एसएसपी डॉक्टर एस चिन्नप्पा का कहना है कि अब इस गिरोह के सदस्यों से विस्तार से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद कई नए राज उजागर होने की उम्मीद है। गिरफ्तार किए ठगों में सहारनपुर के हरदीप सिंह उर्फ गौरव बेदी पुत्र कुलदीप सिंह, अरशदीप उर्फ हन्नी बेदी पुत्र कुलदीप, अमन पोपली पुत्र मदन लाल, गौरव गुम्बर उर्फ काक्कू, अमन गर्ग पुत्र प्रदीप गर्ग, सन्नी उर्फ तेजेंद्र पुत्र जसवीर, अंकित पुत्र संजय त्यागी, मुमताज उर्फ छम्मक छल्लो और लुंबिनी नेपाल के भानू पुत्र ठगेश्वर, पद्म राज पुत्र चेतनारायण शामिल है। 

error: Content is protected !!