Gonda News : विद्या भारती आयोजित करेगा आनलाइन प्रतियोगिताएं

संवाददाता

गोण्डा। विद्या भारती राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर देशव्यापी जागरूकता अभियान प्रारंभ करने जा रही है जिसके चलते विद्या भारती ने 11 सितंबर से हाल ही में अनावरण हुई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान शुरू कर रही है, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सुधारों के दायरे, पैमाने और प्रभाव पर व्यापक चर्चा के अलावा प्रतियोगिता भी शामिल होगी। वार्ता बैठक में जानकारी देते हुए प्रान्त प्रचार प्रमुख जितेन्द्र पाण्डेय ‘हलचल’ ने बताया कि 25 सितंबर से 02 अक्टूबर तक ऑनलाइन माध्यम से सोशल मीडिया व वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लू डाट मायनेप डाट इन पर लोकप्रिय एवं आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। यह प्रतियोगिता 13 भाषाओं, चार उप-विषयों भारत केन्द्रित, समग्र शिक्षा, ज्ञान आधारित समाज और गुणवत्ता शिक्षा पर आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। कक्षा 9-12 की पहली श्रेणी, दूसरी स्नातक श्रेणी और तीसरी नागरिक श्रेणी। प्रत्येक श्रेणी में विजेताओं को महत्वपूर्ण एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक प्रतियोगी को एक भागीदारी प्रमाण पत्र प्राप्त होगा। प्रतियोगिता के तहत हस्त निर्मित पेंटिंग, मीम-मेकिंग, प्रधानमंत्री को पत्र-लेखन, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, लघु फिल्म निर्देशन (निर्माण), डिजिटल डिजाइनिंग और ट्विटर थ्रेड रचनाएं जैसी प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इन श्रेणी-विशिष्ट प्रतियोगिताओं के अलावा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर एक इंटरैक्टिव (ज्ञानवर्धक) क्विज भी ऑनलाइन माध्यम द्वारा आयोजित किया जाएगा। विजेताओं के नामों की घोषणा 05 अक्टूबर को की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चूंकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति अपने आप में व्यापक लोकतांत्रिक भागीदारी का एक परिणाम है। इसलिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति जागरूकता अभियान भी युवा और कर्मठ स्वयं सेवकों द्वारा चलाया जाएगा। एनईपी अंबेसडर को प्रतियोगिता संबंधी गतिविधियों का प्रबंधन और नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा, विद्यालय और उच्च शिक्षा संस्थान भी नवीनतम शिक्षा नीति के समर्थन में प्रतिज्ञा लेकर जागरूकता आंदोलन में भाग ले सकते हैं। वार्ता के दौरान प्रधानाचार्य काली प्रसाद मिश्र, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रेमचन्द्र मिश्र उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!