Gonda News : दूसरे दिन भी नहीं मिला नदी में बहा किशोर

यज्ञ नारायण त्रिपाठी

मोतीगंज, गोण्डा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोरहा के मजरा शंकर पुर गांव निवासी एक किशोर बृहस्पतिवार को साइकिल लेकर घर से निकला था, जो घर वापस नहीं आया। बालक के पिता अशोक कुमार बरवार ने बताया कि उनका लड़का आदित्य कुमार साइकिल लेकर घर से निकला था। गांव के बगल ही बह रही बिसुही नदी के पास साइकिल को धोकर खड़ी कर दिया और नदी में कूदकर नहाने लगा। पानी की रफ्तार तेज होने के कारण संभवतः वह पानी में बह गया। उसे बहता देख गांव वाले उसे बचाने दौड़े, लेकिन बहाव तेज होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
बच्चे के पिता की सूचना पर मोतीगंज थाना प्रभारी कन्हई प्रसाद हमराही वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव व सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से नदी में बालक की खोजबीन शुरू की गई, जो काफी रात तक जारी रही। अंधेरा होने के कारण थाने पर वापस चले गए। शुक्रवार सुबह फिर बालक की तलाश शुरू की गई, किन्तु आज भी उसका पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बालक की खोज के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया है। गोताखोर बालक की तलाश कर रहे हैं और पुलिस भी नाव मंगवाकर नदी में बालक की तलाश में जुटी है। लेकिन तेज बहाव के कारण उस बालक का पता नहीं लग रहा है। खोजबीन जारी है।

error: Content is protected !!