Gonda : यही हाल रहा तो कुश्ती का सत्यानाश तय-बृजभूषण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज संसदीय सीट से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि वर्तमान समय में भारतीय कुश्ती का प्रबंधन देख रही एडहॉक कमेटी को कुश्ती के एबीसीडी की जानकारी नहीं है। अगर इसी तरह से यह चलता रहा, तो वह दिन दूर नहीं, जब कुश्ती का सत्यानाश हो जाएगा। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि जो कुश्ती को जो पिछला प्रदर्शन रहा है, वह अब नहीं रहेगा क्योंकि वर्तमान में कुश्ती का न कोई कैम्प है, न ट्रायल और न ही नेशनल। आज यहां मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि ट्रायल व नेशनल न होने से किसी बच्चे के हाथ में कोई सर्टिफिकेट नहीं है। लड़कियों या लड़कों का कोई कैंप नहीं लगा। अभी विश्व चैंपियनशिप हुई है, जिसमें इस बार केवल एक बच्चा रो-रोकर क्वालीफाई हुआ है। जबकि पिछली बार इस चैंपियनशिप में कुश्ती को पांच मेडल मिले थे और चार बच्चे क्वालीफाई हुए थे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि लोकसभा का चुनाव नजदीक आने दीजिए, ये दोनों मंदिर- मंदिर जाएंगे। कोई अपने को हनुमान जी का भक्त बताएगा, तो भोलेनाथ का भक्त। कोई राम जी का भक्त बताएगा तो कोई कृष्ण जी का। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में इनकी जरा सी भी आस्था है, तो इन्हें यह मानना चाहिए कि जातियां कर्म के आधार पर बनी थीं, जन्म के आधार पर नहीं। उन्होंने कहा कि वोट के लिए आज यह लोग आज समाज को बांटना चाहते हैं। इसलिए अगड़ा-पिछड़ा कर रहे हैं। अगर इन्हें यही करना है तो राम, कृष्ण, भोलेनाथ आदि की बात करना छोड़ दें, टीका-चंदन लगाना छोड़ दें। फिर जाति की बात करें। जेएनयू परिसर दिल्ली में लिखे गए मोदी और देश विरोधी नारों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्षी पार्टियों की मति मारी गई है। कहते हैं “जाको विधि दारुण दुख देही, वाकी मति पहले हर लेही।” मोदी का जितना ज्यादा विरोध करने की कोशिश होगी, वह उतना ही मजबूत होते जाएंगे।

आओ, अपनी प्रतिभा दिखाओ और नौकरी पाओ…

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLScQq0qO3dAB93bn-Jq6HAWxmhwBtHBiwiCeL7ResBr93E2ZgA/viewform

error: Content is protected !!