22 साल पुराने कंटेनर लूटकांड में फरार इनामी गिरफ्तार

मथुरा (हि.स.)। जनपद के हाईवे थाना क्षेत्र में 22 सितम्बर 2001 को रिफाइंड तेल से भरे कंटेनर लूटकांड में फरार 25 हजार का इनामी को छाता पुलिस ने शनिवार गिरफ्तार कर लिया है। इस लूटकांड के अन्य साथी पहले जेल भेजे जा चुके हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने शनिवार को वार्ता के दौरान बताया कि करीब 22 वर्ष पूर्व 2001 में छाता क्षेत्र में हाइवे पर हरियाणा निवासी खुर्शीद उर्फ पप्पू ने अपने आठ साथियों के साथ कंटेनर को लूटा था।

इस संबंध में आगरा के रहने वाले दम्मो ने रिपोर्ट लिखवायी थी। इसी मामले की जांच के दौरान नौ लोगों को नाम प्रकाश में आये थे। इसमें से पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मुख्य आरोपित खुर्शीद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। शनिवार को पुलिस ने खुर्शीद को गांव दौताना के पास से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। इस मौके पर सीओ छाता गौरव त्रिपाठी भी मौजूद रहे। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में 1355 रिफाइंड तेल के टीन और ट्रक बरामद कर आठ लोगों को जेल भेजा था।

महेश/दीपक/मोहित

error: Content is protected !!