Friday, March 27, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ-सीतापुर मार्ग पर मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे डम्प हो रहा कूड़ा

लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे डम्प हो रहा कूड़ा

लखनऊ(हि.स.)। प्रतिदिन लाखों लोगों के आवागमन वाले मुख्य मार्ग लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे कूड़ा डम्प हो रहा है। कूड़ा डम्प होने से उधर से गुजरने वाले लोगों को दुर्गंध झेलना पड़ रहा है। वहीं फ्लाईओवर के आस-पास दुकानदारों को बीमार होने का खतरा भी बढ़ा है।

लखनऊ नगर निगम अपने स्वच्छता मिशन का दम भरता है तो नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों की ओर से हर बैठक के बाद शहर के पूर्णतः स्वच्छ होने की जानकारी दी जाती है। इसके बावजूद मड़ियांव क्षेत्र में स्वच्छता मिशन पूरी तरह से फेल हो चुका है और यहां नगर निगम के कर्मचारी काॅलोनियों से निकलने वाले कूड़ा को डम्प कर रहे हैं।

नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी प्रतिदिन सुबह के वक्त मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे कूड़ा गिरा जाते हैं। स्थानीय दुकानदार राजकुमार, कौशल के अनुसार नगर निगम के वाहनों से कूड़ा डम्प करने का सिलसिला जारी है। फ्लाईओवर के नीचे खाली स्थान कूड़ा घर बन गया है। जिससे आसपास रहने वाले लोगों को खासा परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं चंद कदम की दूरी पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को दुर्गंध झेलकर बीमार होने का डर रहता है।

मड़ियांव निवासी रचना और रेखा ने बताया कि महिलाएं सुबह शाम फ्लाईओवर के नीचे से पैदल निकलती हैं। उन्हें मुंह, नाक ढकना पड़ता है। कूड़ा का ढेर देखकर मचली भी आती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता की कूड़ा डम्प करने की समस्या पूरी तरह से दूर करने के वायदे किये गये थे। आज कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां कूड़ा गिरा कर जा रही है। कूड़ा हटाना तो दूर उल्टा गिराया जा रहा है। कालोनियों में कूड़ा प्रबंधन तो है लेकिन मड़ियांव फ्लाईओवर के नीचे कूड़ा डम्प बंद नहीं हुआ है।

कूड़ा डम्प की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने भाजपा के जनप्रतिनिधि, नगर निगम के जोन कार्यालय के अधिकारियों, मुख्यालय के अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया है। इसके बाद स्थानीय लोग अब कूड़ा डम्प पर रोक लगाने की मांग लेकर महापौर से मिलने की तैयारी कर रहे हैं।

शरद/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular