Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ सहित पूरे प्रदेश में 18 से शुरू होगा सड़क सुरक्षा सप्ताह,जागरूकता...

लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में 18 से शुरू होगा सड़क सुरक्षा सप्ताह,जागरूकता के लिए होंगे कई कार्यक्रम

लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरूआत 18 नवम्बर से होगी। 24 नवम्बर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए  परिवहन विभाग ने कार्यक्रम तय कर दिया है। 
राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में 18 नवम्बर से शुरू होने वाले सड़क सुरक्षा सप्ताह में पहली बार परिवहन विभाग के अलावा रोड सेफ्टी से जुडे़ चार- पांच अन्य महकमों को भी शामिल किया गया है। इसमें परिवहन निगम (रोडवेज), पुलिस विभाग, शिक्षा, चिकित्सा और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) प्रमुख रूप से हैं। सभी महकमे अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर अपने विभागों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। परिवहन विभाग ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सभी महकमों को भेज दी है।
उप- परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) पुष्पसेन सत्यार्थी ने मंगलवार को बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह 18 से शुरू होकर 24 नवबर तक चलेगा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन 18 नवम्बर को  लखनऊ  के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित फिटनेस ग्राउंड से जागरूकता रथ निकालकर इसकी शुरुआत की जाएगी। इसके माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता सामग्री शहर में वितरित कराई जाएगी। इसी दिन परिवहन निगम के आलमबाग बस स्टेशन पर पोस्टर और होडिंग लगाए जाएंगे। समस्त निर्माण एजेंसियां ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी खामियां दूर करेंगी। शिक्षा विभाग यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिकाओं के माध्यम से करेगा। 
इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पहले दिन एक गोष्ठी आयोजित करेगा। इसमें गुड सेमेरिटन की गाइड लाइन और कोविड-19 से बचाव के जागरूकता कार्यक्रम शामिल है। 
उन्होंने बताया कि रोडवेज बस चालकों और परिचालकों के लिए हेल्थ कैंप , प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रदूषण जांच केंद्रों की जांच किया जाना, क्विज, स्लोगन एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली वाहनों के चालकों को प्रशिक्षण, रोडवेज बसों की फिटनेस जांच, बस स्टेशनों पर स्वास्थ्य शिविर, सीट बेल्ट, बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, मोबाइल और ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। चेकिंग अभियान के साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
 उप- परिवहन आयुक्त ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ जांच अभियान के साथ ही विभिन्न श्रेणी के वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पेंटिंग स्लोगन राइटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण एजेंसियां पुल-पुलियाओं और सड़क का मुआयना कर उसकी खामियां दूर करेंगी। सड़क के किनारे अवैध ढाबों के विरुद्ध भी अभियान चलाया जाएगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular