राम मंदिर निर्माण को लेकर संघ के साथ विहिप की बैठक मंगलवार को

-जन भागीदारी व सहयोग को लेकर विहिप और संघ की बनेगी संयुक्त रणनीति

-श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 11 करोड़ परिवारों से मदद लेने का तैयार किया है मसौदा

 प्रयागराज (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की दो दिवसीय बैठक के बाद अब संघ और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के प्रमुख पदाधिकारी श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर मंगलवार को मंथन करेंगे। इस दौरान मंदिर निर्माण के लिए जन भागीदारी और सहयोग को लेकर विहिप और संघ की संयुक्त रणनीति बनेगी।  
दरअसल अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने देश के 11 करोड़ परिवारों से आर्थिक मदद लेने का मसौदा तैयार किया है। विहिप के केंद्रीय मार्ग दर्शक मंडल ने इसके लिए पूरे देश में 15 जनवरी से करीब डेढ़ माह तक एक विशेष अभियान चलाने की भी योजना बनाई है। 
विहिप के इस अभियान पर सरसंघचालक डा. मोहन राव भागवत से चर्चा करने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय रविवार को ही प्रयागराज पहुंच गये थे। संघ से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दोनों लोगों में इस मुद्दे पर वार्ता हो चुकी है। संघ की दो दिवसीय बैठक के बाद डॉ. मोहन भागवत आज यहां से प्रस्थान कर गये। 
अब संघ और विहिप के प्रमुख पदाधिकारी मंगलवार को श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए प्रस्तावित अभियान पर संयुक्त रणनीति बनाने को लेकर मंथन करेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी करेंगे। बैठक में सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले और सह सरकार्यवाह  डॉ. कृष्ण गोपाल के अलावा कई अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है। 

error: Content is protected !!