Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी ने तालिबान समर्थकों से कहा, वहां की औरतों व बच्चों के...

योगी ने तालिबान समर्थकों से कहा, वहां की औरतों व बच्चों के बारे में सोचें

-विधान सभा में बोले मुख्यमंत्री, जिनके लिए राम व कृष्ण थे साम्प्रदायिक वे अब हो रहे दण्डवत

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तालिबान के समर्थकों पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि ऐसे लोग जरा वहां की महिलाओं और बच्चों के बारे में सोंचे। मुख्यमंत्री गुरुवार को विधान सभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।

योगी ने कहा कि जो लोग तालिबान का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें वहां की औरतों और बच्चों के बारे में सोचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े चार वर्षों में कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज तालिबान का समर्थन कर रहे हैं, वे ही पहले दुर्दान्त माफियाओं को भी संरक्षण देते थे।

दरअसल विधान सभा में आज अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया था। महिलाओं और युवाओं के मुद्दों पर भी सरकार की खिंचाई की थी।

चर्चा के अंत में मुख्यमंत्री योगी जब सरकार की तरफ से जवाब देने को खड़े हुए तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति अब बदल गई है। दुर्दान्त माफियाओं के पीछे अब बुलडोजर चलता है। उन्होंने कहा कि अब यहां माफियाओं की संपत्तियां जब्त और ध्वस्त की जा रही है और अवैध कब्जों से खाली की जा रही जमीनों पर गरीबों के लिए आवास का निर्माण किया जा रहा है।

जिनके लिए राम व कृष्ण थे साम्प्रदायिक वे अब हो रहे दण्डवत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बदली स्थिति का ही परिणाम है कि जिन लोगों के लिए पहले भगवान राम और कृष्ण साम्प्रदायिक थे, वे अब दण्डवत हो रहे हैं और अपने आप राम-राम कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अब खुद को राम और कृष्ण भक्त साबित करने की होड़ लगी हुई है। यह हमारी जीत है। उनकी मानसिकता बदलने में हमें सफलता मिली है।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रयाग कुम्भ की भी चर्चा की और कहा कि पहले कुम्भ के भव्य आयोजन को लेकर पूर्ववर्ती सरकारें डरती थीं। वे सोचती थीं कि कुम्भ को भव्यता देंगे तो टोपी लगाकर मुबारकबाद नहीं दे पाएंगे। लेकिन, वर्ष 2019 में हमारी सरकार ने दिव्य और भव्य कुम्भ का सफलतम आयोजन किया, जिसकी प्रशंसा पूरी दुनिया ने की।

RELATED ARTICLES

Most Popular