Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबुलंदशहर में संदिग्ध परिस्थितियों में जली दुष्कर्म पीड़िता

बुलंदशहर में संदिग्ध परिस्थितियों में जली दुष्कर्म पीड़िता

बुलंदशहर (हि.स.)। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दुष्कर्म की शिकार किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। किशोरी के परिजनों ने दुष्कर्म के आरोपित के चाचा पर लड़की को जलाने का आरोप लगाया है। किशोरी को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के साथ 15 अगस्त को दुष्कर्म की घटना हुई। किशोरी एक दिन पहले गायब हो गई थी। अगले दिन परिजनों को वह ईंख के खेत में बेहोशी की हालत में मिली थी। मौके से परिजनों ने दुष्कर्म के आरोपित धामनी गांव निवासी हरिश्चंद्र पुत्र पितांबर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने आरोपित को दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज दिया था। 
किशोरी के परिजनों का कहना है कि आरोपित के परिजन इस मामले में लगातार समझौता करने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि मंगलवार को हरिश्चंद्र का चाचा संजय अपने एक साथी के साथ उनके घर आया। उस समय पूरा परिवार अपने दूसरे मकान पर गया था। घर पर केवल दुष्कर्म की शिकार किशोरी थी। संजय ने अपने साथी के साथ मिलकर किशोरी को आग लगा दी और फरार हो गए। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत देखकर किशोरी को दिल्ली रेफर कर दिया गया। इस बारे में एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि संदिग्ध हालत में किशोरी जली है। आरोपित युवक जेल में है और मुकदमे में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। आरोपित पक्ष पर फैसला का दबाव बनाने के आरोप की जांच की जा रही है। किशोरी के जलने के मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular