मेरठ (हि.स.)। निजी अस्पतालों पर अव्यवस्था और मरीजों के उत्पीड़न का आरोप लगाकर सपा विधायक अतुल प्रधान का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सपा विधायक ने मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने का ऐलान किया।
कलक्ट्रेट में सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने निजी अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ आमरण अनशन किया हुआ है। बुधवार को भी आमरण अनशन पर सपा विधायक को समर्थन देने वालों का तांता लगा रहा। सपा विधायक ने कहा कि शहर के निजी अस्पतालों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और डॉक्टरों का मनमाना रवैया व्याप्त है। इसके खिलाफ आम लोगों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने जंग शुरू की है, जिसमें न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। अब पूरे शहर के निजी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने की लड़ाई बन गई है। विधायक के आंदोलन को समर्थन देने वालों का तांता लगा हुआ है। काव्यांजलि वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष अंजली त्यागी ने भी सपा विधायक के आंदोलन को समर्थन दिया। इससे पहले रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़, वरिष्ठ नेता नरेंद्र खजूरी, रालोद नेता प्रतीक जैन भी आंदोलन को समर्थन दे चुके हैं। जैन समाज के सुदीप जैन ने भी निजी अस्पतालों व डॉक्टरों की लूट के खिलाफ विधायक को समर्थन दिया। धरना स्थल पर समर्थकों के साथ विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ डॉक्टरों की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया। कलक्ट्रेट में विधायक की फ्लैक्स लगी गाड़ी को एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने सील करने को कहा तो कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद एसपी सिटी ने चेतावनी देकर कार को छोड़ दिया।
डॉ. कुलदीप/सियाराम
