अटल आवासीय विद्यालय में कान्वेंट स्कूलों जैसी सुविधा!

गोंडा के विद्यालय में समाज के अति कमजोर वर्ग के 351 बच्चों का है पंजीकरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में किया विद्यालय के दूसरे सत्र का शुभारंभ

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों के दूसरे शैक्षिक सत्र का शुभारंभ किया। इससे पहले गत वर्ष 11 सितंबर को पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई थी। राजधानी में आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मनकापुर के सिसवा में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में किया गया। पूर्व मंत्री व क्षेत्रीय विधायक रमापति शास्त्री तथा देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने विद्यालय के बच्चों द्वारा परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रकार के स्टालों का अवलोकन करते हुए उनके प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की गूंज प्रदेश एवं देश तक पहुंचेगी।

लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते उपस्थित अतिथि गण।

इस मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (यूपीबीओसीडब्ल्यू) के अंतर्गत संचालित किए जा रहे इस विद्यालय को योगी सरकार ने शीर्ष प्राथमिकता पर रखा है। यहां पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड 19 में अनाथ हुए बच्चों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े अनाथ बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। छात्र छात्राओं को निःशुल्क भोजन एवं पौष्टिक आहार भी प्रदान किए जाने की व्यवस्था है। विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न के साथ ही नई शिक्षा नीति पर आधारित पाठ्यक्रम के लिए शिक्षण कार्य होता है। इसके तहत स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब इत्यादि की पूरी सुविधा उपलब्ध है। बच्चों के लिए इंडोर एवं आउटडोर खेलकूद की व्यवस्था भी की गई है। उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास, आध्यात्मिक विकास (योग प्राणायाण, ध्यान), मूल्य आधारित शिक्षा, कौशल आधारित शिक्षा, व्यवसायिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, जीवन कौशल और योग्यता आधारित लर्निंग्स पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां स्मार्ट क्लास रूम, हाईटेक लाइब्रेरी की भी सुविधा है। खेलों के जरिए छात्र छात्राओं के ऑलराउंड डेवलपमेंट पर फोकस किया जा रहा है। स्कूल को हरे भरे कैंपस के रूप में विकसित किया गया है। बच्चों में पुस्तकों के रुझान को बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल कैंपस में पुस्तकालय संचालित है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस लाइब्रेरी में न्यूज पेपर और मैग्जीन की उपलब्धता रहती है। डीएम ने कहा कि शासन के मानक के अनुरूप छात्र-छात्राओं को यहां सभी अपेक्षित सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य अतिथि का स्वागत करते देवीपाटन मण्डल के उपश्रमायुक्त अनुभव वर्मा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एच. सिद्दीकी ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में कुल 351 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है, जिसमें कक्षा छह के 140, सात के 80 तथा नौ के 131 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सभी 10 क्लास रूम में इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आइएफपी) लगे हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलोजी, बाटनी समेत सभी सम्बंधित विषयों की वातानुकूलित प्रयोगशालाएं हर प्रकार से सुविधा सम्पन्न हैं। बच्चों को प्रेक्टिकल कराने के लिए एक सत्र में ही एक लाख 83 हजार रुपए की सामग्री क्रय की जा चुकी है। पूरा परिसर 24 घंटे इंटरनेट सुविधा से आच्छादित रहता है। सुरक्षा कारणों से 230 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जो पूरी तरह से सक्रिय हैं। पठन-पाठन के लिए वर्तमान में 45 कम्प्यूटर संचालित हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके खेलकूद के लिए चार टेबल टेनिस सेट, चार बैडमिंटन, दो वालीबाल, दो खो-खो, बास्केटबाल, फुटबाल कोर्ट संचालित है। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि यूपी सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती बीना राय, देवीपाटन मंडल के उपश्रमायुक्त अनुभव वर्मा, सहायक श्रमायुक्त मोहम्मद अब्बास समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य व सम्भ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

बच्चों द्वारा बनाए गए माडल्स का निरीक्षण करते मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी तथा नवनिर्मित विद्यालय भवन का परिसर।

यह भी पढें : DJ, DM, SP ने किया जेल का रुटीन निरीक्षण

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!