Tuesday, February 10, 2026
Homeविचार अंतरिक्ष युद्ध की आहट और रणनीतिक सकपकाहट

 अंतरिक्ष युद्ध की आहट और रणनीतिक सकपकाहट

कमलेश पांडेय

युद्ध पाशविक प्रवृत्ति है। मनुष्य ने पशुओं के संसर्ग में आकर यह प्रवृत्ति सीखी है। हालांकि पशु तो महज भोजन के लिए एक-दूसरे पर आक्रमण करते हैं, लेकिन मनुष्य तो सिर्फ अपने अहंकार की संतुष्टि के लिए और कभी कभार गुटबंदी के लिए ऐसा करता है। इसलिए किसी भी संभावित युद्ध से बचने का बस एक ही उपाय यह है कि खुद को इतना मजबूत और शक्तिशाली बना लिया जाए कि हमलावर आक्रमण करने से पहले सौ बार सोचे। केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार पिछले नौ वर्षों से यही कर रही है, जिससे दुनिया का शक्ति-संतुलन गड़बड़ाने लगा है।

इन वार लव ट्रायंगल जैसे त्रिकोणीय युद्ध हालातों के बीच भले ही तीसरा विश्व युद्ध टलता जा रहा हो, लेकिन अमेरिकी गुट और रूसी गुट की वैश्विक बादशाहत को बनाये रखने के लिए जो छोटे-छोटे युद्ध हो रहे हैं, वो इस बात की चुगली कर रहे हैं कि प्रथम विश्व युद्ध और द्वितीय विश्व युद्ध को झेल चुकी यह दुनिया आखिरकार कबतक तीसरा विश्व युद्ध टाल पाएगी। क्या प्रथम विश्व युद्ध के गोला बारूद, द्वितीय विश्व युद्ध के परमाणु बम की तरह तीसरे विश्व युद्ध में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कोई नया गुल खिलाएगी और इस बार जल, थल, नभ के अलावा अन्तरिक्ष में भी युद्ध होगा।

यदि अंतरिक्ष युद्ध की नौबत आई तो अमेरिका-ब्रिटेन गुट और रूस-चीन गुट की तरह क्या भारत को भी जापान और फ्रांस के साथ मिलकर कोई अंतरिक्ष गुट तैयार कर लेना चाहिए। यह सब बातें मैं इसलिए कर रहा हूं, क्योंकि हाल ही में अमेरिकी सेना के एक अधिकारी ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो हम अंतरिक्ष में भी युद्ध करने के लिए तैयार हैं। आपकी याददाश्त ताजा करा दें कि रूसी और चीनी अधिकारी भी पूर्व में ऐसी धमकियां दे चुके हैं। यदि ऐसा हुआ तो जल, थल, नभ युद्ध से ज्यादा बर्बादी अंतरिक्ष युद्ध से होगी, क्योंकि सूचना तकनीक और सूचना क्रांति के सहारे तेजी से आगे बढ़ती हुई यह दुनिया सेटेलाइट गिरते ही अचानक ठहर जाएगी और सबकुछ अस्त-व्यस्त हो जाएगा। इससे जनजीवन इतना प्रभावित होगा कि बिना मारे ही अन्य कारणों से लोग बर्बाद हो जाएंगे। भूख-प्यास-तनाव से मर जायेंगे।

अमेरिका के अंतरिक्ष नियंत्रण में नीति, योजना और रणनीति विभाग में उपनिदेशक ब्रिगेडियर जनरल जेसी मोरहाउस मई 2023 के तीसरे सप्ताह में दो देशों की अंतरिक्ष संचालन शिखर सम्मेलन 2023 में शिरकत करने लंदन पहुंचे थे। जहां ब्रिटेन और अमेरिका की अंतरिक्ष में संयुक्त क्षमताओं पर खुलकर चर्चा की गई थी। इसके बाद अमेरिकी दूतावास में मोरहाउस ने जो कुछ कहा, वह रूस-चीन के लिए स्पष्ट संकेत है कि अगर रूस-यूक्रेन युद्ध नहीं थमा और फिर चीन-ताईवान युद्ध भड़का तो फिर अमेरिका वह कर सकता है, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता।

उन्होंने दो टूक कहा कि यदि हमें जरूरत पड़ी तो हम आज रात में भी अंतरिक्ष में युद्ध लड़ने के लिए तैयार हैं। अगर कोई भी देश अमेरिका को धमकाता है या हमसे सम्बन्ध रखने वाले अथवा हमारे साथ रक्षा सम्बन्धों पर समझौते कर चुके देशों को किसी तरह से परेशान करने की कोशिश करता है या उनके किसी हित में बाधा पहुंचाता है तो हम आज रात ही लड़ने को तैयार हैं। यदि आपको अंतरिक्ष युद्ध की बरीकीपूर्वक समझ है तो यह अमेरिका का ऐसा मास्टर स्ट्रोक साबित होगा, जिससे रूस के दो मजबूत और करीबी देश चीन-भारत की अर्थव्यवस्था व जनजीवन तबाह हो जाएगा। फिर रूस के सामने हथियार डालने के अलावा कोई चारा भी नहीं बचेगा।

इसलिए भारत को चाहिए कि वह अंतरिक्ष युद्ध के संभावित दुष्प्रभावों को रोकने के लिए एक मजबूत रणनीति बनाए। साथ ही, अमेरिका-रूस के बीच ऐसी नौबत न आने दे कि अमेरिका को एक बार फिर से अपना रौद्र रूप दिखाना पड़े, जैसा कि वह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 6 अगस्त 1945 को जापान के दो महत्वपूर्ण शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर दो परमाणु बम गिराकर दे चुका है। वियतनाम, लीबिया, इराक पर अमेरिकी भूमिका जगजाहिर है। अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच चले हिंसक दांवपेच में भी वह बदनाम रहा है।

ऐसे दुर्दांत देश को यूक्रेन में उसकी हद बताने के लिए रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन द्वारा किया जा रहा यौद्धिक प्रयत्न सराहनीय है। उन्हें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से मिल रहा चीन-भारत का साथ भी दुनियावी संतुलन बनाए रखने के लिए उचित है। लेकिन अमेरिकी और नाटो की ताजा बौखलाहट किसी तीसरे विश्व युद्ध (अंतरिक्ष युद्ध) का बीजारोपण न कर दे, इसके लिए कूटनीतिक और सामरिक दोनों प्रयास करने होंगे और अचानक सेटेलाइट ठप हो जाने के बाद भी भारतीय जनजीवन अप्रभावित रहे, इसके लिए ठोस उपाय करने में ही बुद्धिमानी है। कहा भी गया है कि अग्र सोची, सदा सुखी।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

RELATED ARTICLES

Most Popular