हिमालय पर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ उप्र में बढ़ाएगा सर्दी

कानपुर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के साथ उत्तर पश्चिम हवाएं उत्तर प्रदेश में बराबर आ रही हैं। इन सर्द हवाओं से गंगा के मैदानी इलाके सहित उत्तर प्रदेश में तापमान गिर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिससे उत्तर प्रदेश में सर्दी तेजी से बढ़ेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि दक्षिण पूर्व अरब सागर और निकटवर्ती मालदीव क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से नौ दिसम्बर की शाम तक इसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। पूर्वी बांग्लादेश और उससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 11 दिसम्बर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। इससे हिमालय पर बर्फबारी होगी और चल रही उत्तर पश्चिमी हवाओं से सर्दी उत्तर प्रदेश के इलाकों में पहुंचेगी। इस प्रकार तापमान में भी रोजाना गिरावट होगी और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कभी कभार धूप भी निकलेगी लेकिन तापमान में कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

उन्हाेंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 91 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 46 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं, जिनकी औसत गति 3.0 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहने के साथ ही तापमान गिरेंगे और सर्दी बढ़ेगी लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

अजय/दीपक/दिलीप

error: Content is protected !!