Thursday, July 10, 2025
Homeउत्तर प्रदेशसाइकिल को दो पहियों में एक अम्बेडकर, दूसरी लोहिया की विचारधारा :...

साइकिल को दो पहियों में एक अम्बेडकर, दूसरी लोहिया की विचारधारा : अखिलेश

-कहा, बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, दोबारा लाॅकडाउन होने पर रोटी-रोजगार का क्या होगा? 

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि हम सभी जाति, धर्म और वर्गों को साथ लेकर चलते है। समाजवादियों की यही सोच है कि साइकिल को दो पहियों में एक डाॅ. अम्बेडकर की तो दूसरी डाॅ. लोहिया की विचारधारा है। समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने की हिमायती है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा और बसपा दोनों समाजवादी पार्टी को हराने में एक साथ है, आखिर कोई वजह तो इसके पीछे होगी जिससे दोनों ही हमसे लड़ना चाहती हैं। जबकि हमारा लक्ष्य 2022 के विधानसभा चुनाव पर हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। यह बीमारी जहां से चली थी वहां और फैल रही है। दोबारा लाॅकडाउन हुआ तो हमारी रोटी-रोजगार का क्या होगा? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास पर बहस नहीं चाहती है। किसान को ड्योढ़ी कीमत देने का क्या हुआ? मंडियों की स्थापना कहां हुई? अनावश्यक मुद्दों पर भाजपा जनता को गुमराह करना चाहती है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकारी सम्पत्ति को बेच रही है। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में अपराध थम नहीं रहे हैं। बेटियों की सुरक्षा के लिए समाजवादी सरकार में 1090 सेवा से 8 लाख बहनों को मदद मिली थी। अब इसे बंद कर दो मंजिला झोपड़ी (पिंक हट) बनाकर सुरक्षा का हवाई वादा हो रहा है। कोई अच्छी कम्पनी काम करने नहीं आ रही है। ग्रीन सोलर एनर्जी सहित एक यूनिट बिजली भी इस सरकार में नहीं बनी। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी के पास दिव्यशक्ति है पर उनकी कैसी भाषा है ‘ठोक दो।’ इस ठोक दो नीति के कारण अपराधों में वृद्धि हुई है। उनकी यह भाषा आलोकतांत्रिक और अमानवीय है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा से बहुत नाराज है वह उपचुनाव हारने जा रही है। वह झूठा प्रचार कर चुनाव जीतने की साजिश करती है। उपचुनाव में भाजपा सरकार ने सरकारी मशीनरी को भी कोटेदारों, प्रधानों को धमकाने में लगा दिया। 
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान खतरे में है। दलितों, पिछड़ों, सवर्णों सभी को अपमानित किया जा रहा है। इस भाजपा सरकार को हटाकर एक अच्छी सरकार बनाना है। इसीलिए हम समाजवादी पार्टी में अच्छे लोगों को जोड़ रहे हैं। जनहित की सरकार बनेगी तभी खुशहाली आएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ अवस्थापना सुविधाओं का भी विस्तार होगा। किसानों को लाभ मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular