शिवालयों में जलाभिषेक, हर-हर महादेव की गूंज

 

कानपुर देहात :सावन के तीसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में आस्था का ज्वार उमड़ा। पौराणिक शिव मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ जलाभिषेक किया। इसके साथ ही बेल पत्र, दूध, फल आदि अर्पित कर भोले बाबा का पूजन किया।

बनीपारा जिनई के बाणेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आसपास जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे। रसूलाबाद के धर्मगढ़ मंदिर में बेरीकेडिंग के बीच से महिला व पुरुष श्रद्धालु अलग- अलग लाइन से पूजन के लिए पहुंचे। यहां भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिवली के जागेश्वर मंदिर में और अमरौधा के ऐतिहासिक महाकालेश्वर मंदिर में सुबह से जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। शिव पूजन करके मनौतियां मानी और बेलपत्र धतूरा व दूध आदि अर्पित कर पूजन किया।

इस मौके पर यहां ऊं नम: शिवाय मंत्र का जप भी संपन्न हुआ। शिवली के जागेश्वर मंदिर में भी पूजन व जलाभिषेक की धूम रही। इसी तरह अकबरपुर के ऐतिहासिक शुक्ल तालाब परिसर के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, नवीपुर के झाड़ी बाबा मंदिर, बाढ़ापुर के जंगलेश्वर महादेव मंदिर,कहिंजरी के महाकालेश्वर मंदिर, असालत गंज के द्रोणेश्वर मंदिर व जमथरखेरा स्थित जमदग्नि आश्रम, कुर्सीखेड़ा के कपिलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की पूजन के लिए भीड़ उमड़ी।

error: Content is protected !!