शिक्षा ही देश एवं प्रदेश के विकास का मुख्य आधार : नन्दी

–मंत्री नन्दी ने स्कूल चलो अभियान की रैली को दिखाई हरी झण्डी

प्रयागराज(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ होने के बाद उप्र सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी हण्डिया तहसील के धनुपुर विकासखण्ड के कोट दक्षिण प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान की रैली और जागरूकता कार्यक्रम को हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया। कहा कि शिक्षा ही देश एवं प्रदेश के विकास का मुख्य आधार है।

नन्दी ने शिक्षकों के साथ ही ग्रामीणों से भी स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सबको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य की प्रेरणा स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य है। 2017 से पहले सरकारी स्कूलों का हाल बेहाल था। छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार घट रही थी। 2017 में भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में वृहद स्तर पर स्कूल चलो अभियान का आयोजन हुआ। जिसके परिणाम स्वरूप पिछले छह वर्ष में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 1.92 करोड़ छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का पद सबसे सम्मानीय है, क्योंकि शिक्षक ही बच्चों का नहीं, बल्कि देश का भविष्य गढ़ता है। पिछली सरकारों में शिक्षकों की भर्ती में लूट खसोट के साथ ही मनमानी की प्रवृत्ति लागू थी। वहीं योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के एक लाख 60 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हुई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रयागराज डॉ वीके सिंह, पूर्व विधायक हण्डिया प्रशान्त सिंह, एसडीएम हण्डिया प्रेम कुमार प्रजापति, ब्लाक प्रमुख धनुपुर ज्योति यादव, ग्राम प्रधान कोट दक्षिण सरिता मिश्रा, खण्ड विकास अधिकारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

– बाउण्ड्रीवाल व पंचायत भवन का किया लोकार्पण

मंत्री नन्दी ने प्रयागराज के हण्डिया विधानसभा क्षेत्र के धनुपुर ब्लॉक के कोट दक्षिण गांव में आयोजित लोकार्पण समारोह में सम्मिलित हुए। जहां प्राथमिक विद्यालय कोट दक्षिण के बाउण्ड्रीवाल और पंचायत भवन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश औद्योगिक उन्नति, आर्थिक प्रगति के साथ ही विकास के हर पथ पर शिखर की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री योगी की दूरदर्शी सोच और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता उत्तर प्रदेश के वर्तमान और भविष्य को संवारने के लिए वरदान साबित हो रही है।

ग्रामीणों ने कोट दक्षिण ग्राम सभा से प्रयागराज शहर के लिए सिटी बस चलाए जाने और कोट दक्षिण से चकसारन गांव तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की। ग्रामीणों ने नन्दी को बताया कि सामुदायिक केंद्र संसारीपुर पिछले करीब सात वर्ष से बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हुआ है। चिकित्सकों व कर्मचारियों की तैनाती भी नहीं हुई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रयागराज डॉ वीके सिंह, पूर्व विधायक हण्डिया प्रशान्त सिंह, एसडीएम हण्डिया प्रेम कुमार प्रजापति, ब्लाक प्रमुख धनुपुर ज्योति यादव, ग्राम प्रधान सरिता मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद केसरवानी पप्पू नीमी थरिया, प्रधान ओमप्रकाश तिवारी चतुरपट्टी, प्रधान पिपरी बाबा सोनार, प्रधान कौड़ी आलम यादव, प्रधान संसारीपुर बबलू यादव, प्रधान कुशलपुर राजेश बिन्द, प्रधान महराजपुर चंद्रशेखर भारतीया, प्रधान कोनौरा गिल्लू मिश्रा, प्रधान हरीपुर बाबू तिवारी, प्रधान धनुपुर चंद्रकान्त पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

विद्या कान्त

error: Content is protected !!