Thursday, February 12, 2026
Homeराष्ट्रीयविदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को अफ्रीकी देश नाइजर छोड़ने की दी...

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को अफ्रीकी देश नाइजर छोड़ने की दी सलाह

नई दिल्ली(हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने अफ्रीकी देश नाइजर में मौजूद भारतीय नागरिकों को यथाशीघ्र देश छोड़ने की सलाह जारी की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि जिन भारतीय नागरिकों के लिए नाइजर में रहना बहुत आवश्यक न हो, उन्हें जल्द से जल्द वहां से निकल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि नाइजर में हवाई अड्डे बंद हैं तथा उन्हें सड़क मार्ग से ही निकलना होगा। इस दौरान उन्हें सुरक्षा के प्रति पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही नाइजर जाने की योजना बना रहे लोगों को भी स्थिति के सामान्य होने तक यात्रा पर नहीं जाना चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा कि नाइजर में इस समय करीब 250 भारतीय नागरिक हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि अपना पंजीकरण भारतीय दूतावास में कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार नाइजर के घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है तथा भारतीय नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

नाइजर में हाल में सैन्य तख्तापलट हुआ है तथा निर्वाचित राष्ट्रपति को नजरबंद रखा गया है। नाइजर के घटनाक्रम के संबंध में पश्चिम अफ्रीका के देशों के संगठन इकोवास ने अपदस्थ राष्ट्रपति और लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली के लिए सैन्य हस्तक्षेप की धमकी दी है। दूसरी ओर नाइजर के दो पड़ोसी देशों माली और बुर्किना फासो ने नाइजर की सैनिक सत्ता का समर्थन किया है तथा विदेशी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध करने का ऐलान किया है।

अनूप/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular