लोकतंत्र मिटाओ मिशन पर पूरी तैयारी से लग गई है भाजपा सरकार:अखिलेश

कहा-भूमि विकास बैंक के चुनाव में लोकतंत्र का मखौल उड़ाने में भाजपा को लोकलाज नहीं :अखिलेश

लखनऊ(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार लोकतंत्र मिटाओ मिशन पर पूरी तैयारी से लग गई है। असहमति और विरोध के हर स्वर को कुचलने की उसने ठान ली है। एक ओर वह नीट-जेईई की परीक्षा कराकर लाखों छात्रों की जिंदगी दांव पर लगा रही है तो दूसरी ओर भूमि विकास बैंक के चुनाव में लोकतंत्र का मखौल उड़ाने में उसे जरा भी लोकलाज नहीं है।
अखिलेश ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने धोखाधड़ी से ही अपने साढ़े तीन साल काट लिए हैं। नौजवानों की जिंदगी को अंधेरे में ढकेलने के लिए वह हर सम्भव प्रयास कर रही है। उनको रोजगार देने का झांसा दिया गया। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के दौर में नीट-जेईई की परीक्षाएं कराकर उन्हें संक्रमण का शिकार बनने को छोड़ा जा रहा है जबकि क्लैट की परीक्षा टाल दी गई है। लखनऊ और प्रयागराज में जब समाजवादी नौजवानों ने इस विसंगति पर जब विरोध में आवाज उठाई तो उन पर भाजपा की राज्य सरकार ने लाठियां बरसाईं। भाजपा सरकार की शुरू से ही नौजवानों के अलावा किसानों से बेरुखी रही है। 
उन्होंने कहा कि किसानों से लागत से डेढ़ गुना ज्यादा फसल की कीमत दिलाने, आय दोगनी करने का वादा किया गया था जिसे भाजपा भूल गई। अब किसानों को कर्ज और आर्थिक मदद देने वाली संस्था भूमि विकास बैंक के चुनाव में भाजपा सरकार भाजपा के एजेंट की भूमिका में काम करती दिखाई दे रही है। कई जनपदों में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को नामांकन नहीं करने दिया गया, या उनके नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए और अब चुनाव में प्रशासन पक्षपाती रवैये पर उतर आया है। निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र को सुनिश्चित करता है लेकिन सत्ताधारी भाजपा हर स्तर पर चुनाव को प्रभावित करने पर उतारू है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज तिर्वा कन्नौज में भूमि विकास बैंक के चुनाव में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन भाजपा उम्मीदवार की अनुचित मदद करते दिखा जो सपा के उम्मीदवार के समर्थकों को वोट भी नहीं डालने दे रहा था। अखिलेश ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। भूमि विकास बैंक सहकारिता क्षेत्र की एक प्रमुख संस्था है जो किसानों के हित में काम करती है। भाजपा इस पर कब्जा करके अब इसका अपने राजनीतिक स्वार्थ साधन में प्रयोग करना चाहती है।

error: Content is protected !!