लखनऊ में आने वाली सौ इलेक्ट्रिक बसों के लिए बन रही नई वेबसाइट
-नगरीय परिवहन की नई वेबसाइट से यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के बारे में मिलेगी सटीक जानकारी
-नई वेबसाइट को ‘चलो एप’ पोर्टल से जोड़ने का कार्य शुरू
लखनऊ (हि.स.)। नगरीय परिवहन प्रशासन राजधानी लखनऊ में आने वाली 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों के लिए नई वेबसाइट बना रहा है। वेबसाइट में सिटी बसों के सभी रूट, नए बनाये जाने वाले मार्ग, समय-सारिणी, किराया और सुविधाओं के अलावा तमाम जरूरी जानकारियां यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसे यात्री आने वाले दिनों में अपने मोबाइल से भी जान सकेंगे। फिलहाल पहले चरण में करीब 25 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द शुरू होना है। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
नगरीय परिवहन दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ में आने वाली 100 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए नई वेबसाइट बनवा रहा है। यह वेबसाइट lctcl.co.in होगी। वेबसाइट का कार्य अब अंतिम चरण में है। वेबसाइट को ”चलो एप” पोर्टल से जोड़ने का कार्य भी शुरू हो गया है। इस वेबसाइट से आने वाले दिनों में यात्रियों को घर बैठे ही बसों की लोकेशन प्राप्त हो जाएगी। इससे यात्री अपनी सुविधानुसार बसों को पकड़ सकेंगे।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों की नई वेबसाइट में नगर बसों के सभी रूट, नए बनाए जाने वाले मार्ग, समय-सारिणी, किराया, सुविधाओं के अलावा सिटी बसों से संबंधित तमाम जरूरी जानकारियां होंगी। इसे यात्री अपने मोबाइल से भी जान सकेंगे। नई वेबसाइट में लखनऊ में पहले से चल रही 40 इलेक्ट्रिक बसों को भी जोड़ा जाएगा। नई वेबसाइट पर यात्रियों को हिन्दी और अंग्रेजी में इलेक्ट्रिक बसों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
लखनऊ में इस समय करीब 256 सिटी का संचालन किया जा रहा है। इनमें दुबग्गा डिपो में करीब 134 बसें हैं। इनमें 94 सीएनजी और 40 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इसके अलावा गोमती नगर डिपो में 122 सीएनजी बसों का बेड़ा है।
सिटी परिवहन के प्रबंध निदेशक पल्लव बोस का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए नई स्मार्ट वेबसाइट बनाई जा रही है। इसमें बड़े बदलाव किए गए हैं। वेबसाइट में सिटी बसों के रूट, नए बनाए जाने वाले मार्ग, समय-सारिणी, किराया, सुविधाओं आदि की तमाम जरूरी जानकारियां होंगी।