राज्यपाल ने एनसीसी कैडेटों को किया सम्मानित
लखनऊ (हि.स.)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को राजभवन के गांधी सभागार में गणतंत्र दिवस सम्मान समारोह, दिल्ली में प्रतिभाग कर पदक जीतने वाले यूपी राज्य गणतंत्र दिवस परेड एनसीसी दल-2023 के कैडेटों को सम्मानित किया। इस दौरान राज्यपाल ने कैडटों को राज्यपाल स्वर्ण पदक एवं रजत पदक तथा ग्रुप कमांडर को एनसीसी इंटर ग्रुप बैनर से सम्मानित किया है। मेजर जनरल संजय पुरी, एसएम, वीएसएम, महानिदेशक उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय ने समारोह में राज्यपाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और बधाई के साथ शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एनसीसी संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यह छात्र-छात्राओं को राष्ट्र प्रेम की शिक्षा दे रहा है। उन्होंने अपेक्षा की कि प्रत्येक विद्यार्थी को एनसीसी में शामिल होना चाहिए, जिससे वे देश प्रेम और देश सेवा की भावना के साथ एक अच्छे समाज का निर्माण करें।
राज्यपाल ने समारोह में एनसीसी के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे कैडेटों को प्रदेश के कारागार, वृद्धाश्रम, अनाथालयों का भ्रमण भी कराएं, जिससे वे जीवन की विषमताओं का ज्ञान प्राप्त कर अच्छे संकल्पों के साथ समाज और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। हमारे देश के युवाओं में विश्वस्तर पर समस्याओं का निराकरण करने और स्वस्थ समाज की स्थापना की क्षमता है। उन्होंने कहा कि भारत को पूर्ण विकसित सशक्त देश बनाने की जिम्मेदारी युवाओं की है।
उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने, समस्याओं का निराकरण एकजुटता से करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने में सहयोगी होने के लिए भी प्रेरित किया।
समारोह में राज्यपाल ने सर्वश्रेष्ठ चयनित कैडेटों को छह राज्यपाल स्वर्ण और छह रजत पदक प्रदान किए। जिसमें एनसीसी गल्र्स ने 04 स्वर्ण तथा 03 रजत पदक प्राप्त किए। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय ने देश के 17 एनसीसी निदेशालय प्रतियोगिता में पांचवां स्थान प्राप्त किया। गार्ड ऑफ ऑनर में प्रथम स्थान, राष्ट्रीय एकीकरण जागरूकता प्रतियोगिता में दूसरा स्थान तथा राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पिछले कई वर्षों की तुलना में बहुत अच्छा परिणाम रहा है। उत्तर प्रदेश के 116 एनसीसी कैडेटों ने नई दिल्ली में आरडीसी-2023 की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। एनसीसी कर्तव्य पथ दल के लिए एनसीसी निदेशालय से नौ सीनियर डिवीजन और 10 सीनियर विंग के कैडेटों को चुना गया। गार्ड आफ आनर के लिए सात सीनियर डिवीजन और तीन सीनियर विंग का चयन किया गया। इसके अलावा, राज्यपाल ने सर्वश्रेष्ठ ग्रुप के लिए प्रतिष्ठित इंटर ग्रुप चैंपियनशिप विजेता ग्रुप, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, गाजियाबाद को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ ग्रुप के लिए विस्तृत अंतर ग्रुप प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 11 ग्रुप में से विजेताग्रुप का चयन किया जाता है।
उपरोक्त प्रतियोगिता में ड्रिल, फायरिंग, हथियार प्रशिक्षण और बाधा पार आदि कार्यक्रम शामिल हैं। इस अवसर पर कैडेट्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की गई। समारोह में वरिष्ठ सेना अफसर, एनसीसी कैडेटों एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
दीपक