योगी ने रामविलास पासवान के निधन पर जताया शोक, बताया राजनीति में वंचित समुदाय के ओजस्वी स्वर
-राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया राजनीति की अपूरणीय क्षति, परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना
लखनऊ। केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर उत्तर प्रदेश में भी शोक की लहर है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि राम विलास पासवान जमीन से जुड़े राजनेता थे जिन्होंने सदैव गरीब एवं वंचितों के लिये संघर्ष किया। श्री पासवान के निधन से राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है। श्रीमती पटेल ने दिवंगत आत्मा की शांति के कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री व लोकप्रिय राजनेता रामविलास पासवान के निधन से मन दुःखी है। वह भारतीय राजनीति में वंचित समुदाय के ओजस्वी स्वर थे। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान प्रदान करें।
उप्र विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के देहावसान के समाचार बेहद दु:खद है। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर परिवारजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता व वर्तमान केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। दलितों पिछड़ों की आवाज बुलंद रखने वाले बहुत ही लोकप्रिय नेता राम विलास पासवान जी का निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में गरीबों व आदिवासियों के जीवन में खुशहाली लाने में रामविलास का योगदान अविस्मरणीय है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों व समर्थकों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री व बिहार के प्रमुख नेताओं में से एक रामविलास पासवान के निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व पार्टी के लोगों के प्रति गहरी संवेदना।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बिहार के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करे।
सहुेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रामबिलास पासवान के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध और दुःखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
राम विलास पासवान केंद्र सरकार में उपभोक्ता मंत्री थे।74 वर्षीय पासवान की बीते कुछ समय से तबीयत खराब चल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण उनके दिल का ऑपरेशन करना पड़ा था। इसके बाद आज रात उन्होंने दिल्ली के अस्पताल में आखिरी सांस ली।