यह चुनाव स्वार्थी परिवार व मोदी परिवार के बीच है:योगी

बदायूं(हिं.स.)। जिले के बदायूं क्लब में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पहुंचे योगी आदित्यनाथ का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया । इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आप सबका समर्थन व आर्शवाद प्रत्याशियों को प्राप्त हो, इसलिए आज बदायूं आया हूँ। लोकसभा चुनाव में बदायूं में तीसरे चरण के मतदान में आपके लिए एक अवसर है कि भाजपा के प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य व धर्मेंद्र कश्यप के पक्ष में लोगों को जागरूक करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि दुर्विजय शाक्य का टिकट फाइनल होने के बाद सपा के प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग गए हैं दूसरे भागने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब जानते हैं इस बारे में कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। मोदी ने देश को एक संकल्प के साथ अमृतकाल में जोड़ा है। मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बड़ी आर्थिक ताकत बन सके। इसीलिए हम आए हैं कि नरेंद्र मोदी को तीसरा कार्यकाल दीजिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तीन साल में प्रधानमंत्री मोदी भारत को दुनिया की तीसरी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने जा रहे हैं। विकसित भारत की यही आधारशिला होगी। उत्तर प्रदेश विकसित होगा तो बदायूं भी विकसित होगा। आपने मोदी के 10 साल के कार्यकाल को देखा, सात साल के प्रधानमंत्री मोदी के मागदर्शन में बदलते हुए उत्तर प्रदेश को देखा है। साल 2014 से पहले दुनिया में भारत का सम्मान नहीं था। देश की सीमाएं असुरक्षित नहीं थीं। कहीं आतंकवाद था कहीं नक्सलवाद था। परिवारवाद के नाम पर देश को लूटा जा रहा था। देश को अपनी बपौती समझ रहे थे, उपद्रवियों को प्रश्रय दिया जाता था और देश के अंदर जब कोई आस्थावान रामजन्म भूमि के बारे में कहता था। तो उस पर लाठी-डंडों से प्रहार कर उसके मुंह को बंद करने का काम होता था। आज आप देख सकते हैं कि हर गरीब को आवास योजना, बिजली के फ्री कनेक्शन, राशन मिल रहा है। हर उस जरूरत को पूरा किया जा रहा है। इंफाट्रक्चर पर काम हुआ है। कंपोस्ट बायोगैस का प्लांट का उद्घाटन किया है। गंगा एक्सप्रेस वे भी उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है। लाखों रोजगार व नौकरी लेकर आएगी गंगा एक्सप्रेस वे। आपकी कनेक्टीविटी को बेहतर करेगी गंगा एक्सप्रेस वे। बदायूं से आप दिल्ली तीन घंटे में पहुंचेंगे। प्रयागराज जाना होगा तो तीन घंटे में प्रयागराज पहुंच जाएंगे।

प्रधानंत्री के रूप में मोदी देश की जरूरत हैं, क्योंकि ये चुनाव जिन मुद्दों पर लड़ा जाना है ,वे स्पष्ट हैं। ये चुनाव परिवार प्रथम और राष्ट्र प्रथम के बीच का है। ये चुनाव माफियाराज बनाम कानून व्यवस्था के बीच का है। आज उत्तर प्रदेश में जनता है चुस्त ,माफिया हैं पस्त। इसीलिए चुनाव यह तय करेगा कि माफिया का राज होगा या कानून का राज होगा। चुनाव में एक तरफ भ्रष्टाचारी होंगे दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी होगी। तुष्टीकरण बनाम आम जनता की संतुष्टि का। एक तरफ चेहरा देखकर लोगों को योजना का लाभ बांटने वाले लोग हैं। दूसरी तरफ सबका साथ सबका विकास के बीच होगा। यह चुनाव स्वार्थ के परिवार व मोदी के परिवार का बीच होगा। अयोध्या में भगवान राम का पांच सौ साल बाद विराजमान होना मोदी की गारंटी है। इसलिए हम सब आपके बीच आए हैं, हमको देखना होगा कि एक तरफ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन है। कांग्रेस के लोग व सपा के लोग प्रदेश के बारे में क्या नहीं बोलते थे। ये र्कफ्यू के समर्थक हैं। इनके समय में गुंडे बमबाजी करते थे। हमने कहा कि यूपी में अब हरहर बमबम होगा। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबकी जिम्मेदारी है कि हम एक-एक जन को जागरूक करें कि भाजपा के दोनों प्रत्याशी आपके आशीर्वाद और जनता के आशीर्वाद के आकांक्षी हैं। चुनाव में घर-घर प्रत्याशी आए,यह संभव नहीं होता। चुनाव के बाद घर-घर बुलाइये। चुनाव तक आप सबको खुद दुर्विजय शाक्य और धर्मेंद्र कश्यप बनना होगा।

अरविंद सिंह/सियाराम

error: Content is protected !!