मेरठ का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मेरठ (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय प्रदेश के दौरे पर निकले हुए हैं। इस कड़ी में मुख्यमंत्री मेरठ का भी दौरा करेंगे। बारिश खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से मेरठ जनपद के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री टोक्यो पैरा ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। ओलंपिक में भाग लेने वाले पैरा खिलाड़ियों में उप्र के 7 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें पश्चिम उप्र के 05 खिलाड़ी शामिल थे। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल यतिराज ने बैडमिंटन में रजत पदक जीता था। इसके साथ ही मेरठ के विवेक चिकारा, बागपत के आकाश, गौतमबुद्ध नगर के वरुण भाटी और मुजफ्फरनगर की ज्योति बालियान ने भी पैरा ओलंपिक में भाग लिया था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के आयोजन के लिए तैयारी शुरू हो गई है।

मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह कार्यक्रम के आयोजन स्थल की खोज में जुटे हैं। इसके लिए चौधरी चरण सिंह विवि और कृषि विवि का दौरा किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। देश भर के खिलाड़ियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। आयुक्त का कहना है कि जल्दी ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तारीख तय होगी।

error: Content is protected !!