महापौर विनोद अग्रवाल के साथ 67 पार्षदों ने ली शपथ
– विनोद अग्रवाल के महापौर बनने से मुरादाबाद महानगर के विकास में और अधिक तेजी आएगी : भूपेंद्र सिंह
– विनोद अग्रवाल को सभी 70 वार्डों के पार्षदों को साथ लेकर एकजुटता दिखाते हुए कार्य करें: जितिन प्रसाद
मुरादाबाद (हि.स.)। नवनिर्वाचित महापौर और 70 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को पंचायत भवन सभागार में संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में महापौर विनोद अग्रवाल के साथ 67 पार्षदों ने शपथ ली, तीन पार्षद विलंब से आने के कारण शपथ नहीं ले पाए।
सर्वप्रथम मंडलायुक्त आन्जेन्य कुमार सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के सिम्बल पर निर्वाचित हुए महापौर विनोद अग्रवाल को शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने क्रमवार पार्षदों को शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। ऐसे में उम्मीदवार विनोद अग्रवाल ने महापौर की सीट जीतकर ट्रिपिल इंजन की सरकार बना दी है। मुरादाबाद महानगर के विकास में और अधिक तेजी आएगी।
प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि महपौर विनोद अग्रवाल को सभी 70 वार्डों के पार्षदों को साथ लेकर एकजुटता दिखाते हुए कार्य करना है। विनोद अग्रवाल लगातार तीसरी बार महापौर बने हैं। उनका दायित्व है कि स्मार्ट सिटी मुरादाबाद में विकास की रफ्तार को पिछली कार्यकाल की अपेक्षा चौगुनी कर दें।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी सतपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शैफाली सिंह चौहान, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, बाल अधिकार आयोग के पूर्व चेयरमैन डा. विशेष गुप्ता, एससीएसटी आयोग की सदस्य साधवी गीता प्रधान, उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य गिरिश वर्मा, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिला अधिकारी नगर सहित विभिन्न पुलिस-प्रशसनिक अधिकारी और भाजपा नेता उपस्थित रहे।
निमित/दीपक/मोहित