Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहाकुम्भ 2025 के दृष्टिगत कराये जा रहे स्थायी कार्यों के लिए जिला...

महाकुम्भ 2025 के दृष्टिगत कराये जा रहे स्थायी कार्यों के लिए जिला एवं रेलवे प्रशासन की समन्वय बैठक

-प्रयागराज को पर्यटन के सर्किट से जोड़ने के दृष्टिगत मिर्जापुर वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट को जोड़ते हुए एक विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध

प्रयागराज (हि.स.)। महाकुम्भ 2025 के दृष्टिगत कराये जा रहे स्थायी कार्यों के ससमय क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन की समन्वय बैठक गुरुवार को डीआरएम कार्यालय में हुई। बैठक में मेलाधिकारी कुम्भ मेला विजय किरन आनन्द भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। जनपद के विभिन्न लेवल क्राॅसिंग पर बनाये जा रहे सेतुओं, रेलवे स्टेशनों के आसपास कराये जा रहे चौड़ीकरण सुंदरीकरण कार्यों, रेलवे द्वारा कराये जा रहे विकास कार्यों तथा अन्य अन्तर्विभागीय कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

अधिकारियों ने पिछले कुम्भ में आई भीड़ को ध्यान में रखते हुए अवगत कराया कि इस बार 15 से 20 प्रतिशत ज्यादा श्रद्धालुओं के आगमन की अपेक्षा की जा रही है तथा सारी व्यवस्थाएं इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। जिला प्रशासन ने रेलवे प्रशासन से प्रयागराज से लखनऊ सुपरफास्ट ट्रेन चलाने तथा प्रयागराज को पर्यटन के सर्किट से जोड़ने के दृष्टिगत मिर्जापुर वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट को जोड़ते हुए एक विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध किया है। इसके दृष्टिगत डीआरएम हिमांशु बदोनी ने प्रदेश सरकार से एक औपचारिक प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया है, जिसे रेलवे बोर्ड अग्रसारित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त प्रयागराज जनपद के अन्तर्गत आने वाले उ.म.रे, उ.पू.रे एवं उ.रे के परिसरों में जिला प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन से सुन्दर कम्युनिटी टायलेट विकसित करने का भी प्रस्ताव दिया है, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में आसानी हो सके। इन शौचालयों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि महाकुम्भ के पश्चात भी इन्हें क्रियाशील रखने में कोई परेशानी न हो।

राज्य सेतु निगम एवं रेलवे द्वारा विभिन्न लेवल क्राॅसिंग पर बनाये जा रहे सेतुओं, विभिन्न रेलवे स्टेशनों के एप्रोच रोड चौड़ीकरण, नवाब यूसुफ रोड चौड़ीकरण, नैनी स्टेशन प्लेटफार्म 4 के सम्पर्क मार्ग चौड़ीकरण, सूबेदारगंज स्टेशन के एप्रोच रोड चौड़ीकरण, नैनी रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म 1 की ओर के मार्ग को 6 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर करने तथा अन्य संबंधित कार्यों पर भी चर्चा की गई। महाकुम्भ मेले के दृष्टिगत विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं आस-पास में किस तरह के कार्य होने चाहिए। इस संबंध में रेलवे द्वारा एक गैप एनालसिस भी तैयार की गई है। जिस पर जिला प्रशासन रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहा है।

विद्या कान्त/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular