मध्य रेल के 11 कर्मचारी महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

मुंबई (हि. स.)। मध्य रेल के महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई में मध्य रेल के 11 कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी के दौरान सतर्कता, कर्तव्यपरायणता तथा किसी अप्रिय घटना को टालने और ट्रेन परिचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान के लिए ”महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार” प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में मुंबई मंडल से तीन और नागपुर, पुणे, सोलापुर और भुसावल मंडलों के दो-दो कर्मचारी शामिल हैं।

मध्य रेल मुंबई के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस पुरस्कार में एक प्रशस्ति प्रमाण पत्र, अनुकरणीय संरक्षा कार्य का एक साइटेशन और 2000 रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है। मध्य रेल के संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को अगस्त 2021 के महीने के दौरान ड्यूटी के दौरान संभावित ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक लाहोटी ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की चौबीसों घंटे सतर्कता तथा सुरक्षित रुप से काम करने यात्री संरक्षा की दिशा में ईमानदारी से काम करने लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक बी. के. दादाभोय, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी आलोक सिंह एवं रेलवे के अन्य प्रमुख विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक इस कार्यक्रम में लिंक माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान कोविड -19 प्रोटोकॉल का पालन किया गया।

error: Content is protected !!