भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उप्र के 11 चेहरे शामिल, मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आ​दित्यनाथ ने भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए गए सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। केंद्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के 11 नेताओं को जगह मिली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि राष्ट्र सेवार्थ समर्पित भाजपा की नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को बधाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की यह ऊर्जावान टीम निश्चित ही ‘अंत्योदय’ के संकल्प को फलित करने में सफल होगी। मेरी शुभकामनाएं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश से 11 पदाधिकारी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं, यह प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। इसके लिए देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने प्रदेश के राष्ट्रीय टीम में शामिल हुए सभी पदाधिकारियों को अनंत शुभकामनाएं भी देते हुए विश्वास जताया कि इन सभी के सांगठनिक कौशल से भाजपा और मजबूत होगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई केंद्रीय टीम के सभी सदस्य अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं मजबूत संकल्प के साथ संगठन के निर्माण में नए आयाम स्थापित करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त केन्द्रीय टीम में उत्तर प्रदेश को भी मजबूत प्रतिनिधित्व दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति धन्यवाद भी ज्ञापित किया। 
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से शामिल रेखा वर्मा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अरुण सिंह राष्ट्रीय महामंत्री, शिव प्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, विनोद सोनकर राष्ट्रीय मंत्री, हरीश द्विवेदी राष्ट्रीय मंत्री, राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष, अमित मालवीय प्रभारी आईटी व सोशल मीडिया, राजकुमार चाहर किसान मोर्चा अध्यक्ष, सुधाशु त्रिवेदी राष्ट्रीय प्रवक्ता, गौरव भाटिया राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा सैय्यद जफर इस्लाम को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी।

error: Content is protected !!