बीएड प्रवेश परीक्षा नौ अगस्त को, प्रदेश भर के केन्द्र किए गए सेनेटाइज

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को होनी है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे प्रदेश के परीक्षा केन्द्रों को पर्यवेक्षक की देख-रेख में सेनेटाइज किया गया। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 14 नोडल केन्द्र, चार उपनोडल केन्द्र बनाये गये हैं। प्रदेश के 73 जनपदों में 1089 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 431904 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रत्येक परीक्षार्थी के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेनेटाइजेशन की प्रक्रिया को सही रूप में संपन्न कराने के लिए एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गयी थी। उसकी देखरेख में शनिवार को सभी परीक्षा केन्द्र सेनेटाइज किये गये। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर हैंड सैनिटाइजर, मास्क और थर्मल स्कैनर की व्यवस्था भी की गई है। केंद्रों पर सोशल डिस्टेंशिंग के साथ परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था भी की गई है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा की राज्य समन्वयक प्रोफेसर अमिता सिंह ने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2020-22 के आयोजन के लिए शनिवार को सभी जनपदों में गोपनीय सामग्री सुरक्षित रुप से पहुंच गयी, जिसे जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी, जिलाविद्यालय निरीक्षक और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि (नोडल अधिकारी/उप नोडल अधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी) की उपस्थिति में सम्बन्धित जनपद के कोषागार में सकुशल सुरक्षित रखवा दिया गया है। सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर 100 मीटर की परिधि अथवा आवश्यकतानुसार सम्बन्धित जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू की गयी है।
सभी पर्यवेक्षकों द्वारा लखनऊ विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों के साथ सभी परीक्षा केन्द्रों का सम्यक भौतिक निरीक्षण कर लिया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों को रविवार की परीक्षा के लिये समुचित रुप से सेनेटाइज कर लाॅक करा दिया गया है। सभी अभ्यर्थियों से अपील है कि वे कल सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण में निर्भय होकर प्रवेश परीक्षा दें।

error: Content is protected !!