बिकरु कांड : – वकील के भेष में पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में किया सरेंडर

– विकास दुबे के एक और साथी ने कोर्ट में किया सरेंडर
– अभियुक्त शिव तिवारी पर था 50 हजार रुपये का इनाम

कानपुर। सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या की घटना बिकरु कांड में ज्यों-ज्यों पुलिस की जांच बढ़ रही है, त्यों-त्यों कांड के अभियुक्तों में पुलिस एनकांउटर का भय सता रहा है। इसी के चलते इन दिनों घटना से जुड़े आरोपित बराबर सरेंडर कर रहे हैं और शनिवार को भी एक आरोपित शिव तिवारी ने स्पेशल जज एंटी डकैती कोर्ट में सरेंडर कर दिया। शिव तिवारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम रख रखा था और पुलिस को चकमा देकर वकील के भेष में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस पर भी विकास दुबे के साथ पुलिस पर गोली चलाने का आरोप है। 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरु गांव में दो जुलाई की रात दबिश देने गयी पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके गुर्गों ने टीम पर जबरदस्त फायरिंग कर दी थी। घटना में सीओ देवेन्द्र मिश्रा समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या की गयी थी। इस मामले में पुलिस को अभी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया विकास दुबे के कई साथियों की तलाश है। घटना में शामिल रहे बदमाशों पर ईनाम भी घोषित किया गया है, लेकिन विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद आरोपित एक-एक कर पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर रहे हैं। सोमवार को 25 हजार के ईनामी गोविंद सैनी ने कोर्ट में सरेंडर किया था, मंगलवार को 50 हजार के ईनामी धमेन्द्र कुमार दुबे उर्फ हीरु ने स्पेशल जज एंटी डकैती की कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।  बुधवार को शिवम दुबे और विष्णु पाल ने भेष बदलकर कोर्ट में सरेंडर कर दिये। इसके बाद शनिवार को शिव तिवारी पुत्र दिनेश कुमार तिवारी ने भी अधिवक्ता के भेष में एंटी डकैती कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस पर भी विकास के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसाने का आरोप है और पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसकी तलाश में भी पुलिस की कई टीमें लगीं थीं। सरेंडर के बाद कोर्ट ने शिव तिवारी को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। डीजीसी क्रिमिनल राजू पोरवाल ने शिव तिवारी के सरेंडर करने की पुष्टि की। पुलिस का कहना है अभी हाल में जितने भी बिकरु कांड के आरोपितों ने सरेंडर किया है उन सभी को रिमांड पर लेकर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

error: Content is protected !!