बाराबंकी में सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का जिलाधिकारी ने शुभारम्भ किया

बाराबंकी(हि.स.)। जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार झा ने सात दिवसीय शुरू हुए श्री लोधेश्वर महादेवा महोत्सव का शुभारम्भ सोमवार को फीता काटकर किया। इस दौरान पीएसी जवानों के बैंड बाजे की मधुर ध्वनि के साथ वैदिक मंत्रोच्चार हुआ। हर-हर महादेव के जय घोष गूंज उठे।

जिलाधिकारी के साथ मौजूद अन्य अधिकारी मंदिर तक आए और लोधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की। जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, शिव करन सिंह,एडीएम अरुण कुमार सिंह,एसडीएम नागेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैंक सखी नेहा मिश्रा नंदिनी वर्मा संग और लोगों ने पुष्प वर्षा कर जिलाधिकारी के साथ आए हुए अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने मंच से कहा कि यह महोत्सव आप सभी का है। प्रशासन साथ में लगा हुआ है। भारी से भारी संख्या में लोग आकर महोत्सव को सफल बनावे और भोलेनाथ के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य करें। उन्होंने विश्व कल्याण की कामना की।

एमएलसी अंगद सिंह ने भी हो रहे महोत्सव में भागीदारी करने के लिए लोगों से अपील की। इस अवसर पर पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि महादेवा के विकास के प्रति सूबे के मुखिया सजक है। सभी के सहयोग से महादेवा का विकास होगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ. आलोक शुक्ला ने किया।

पंकज/दीपक/सियाराम

error: Content is protected !!