प्रियंका वाड्रा के करीबी को थाने पर बैठाया,पुलिस पर आरोप
रायबरेली(हि. स.)। प्रियंका वाड्रा के करीबी और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव को सोमवार देर रात पुलिस ने थाने पर बैठा लिया। जैसे ही उनके समर्थकों को इसकी जानकारी हुई, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग हंगामा करने लगे। थाने पर बैठाए गए कांग्रेस नेता भी थाने से बाहर आये और पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए इसे भाजपा की बड़ी साजिश करार दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि एक मामले में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था ।
बछरावां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुशील पासी रायबरेली में प्रियंका वाड्रा के करीबी हैं। सोमवार की देर रात करीब 11 बजे किसी मामले में महराजनगंज पुलिस ने उन्हें थाने पर बुलाकर बैठा लिया और पूछताछ करने लगी।जैसे ही इसकी जानकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हुई, बड़ी संख्या में थाने पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और महराजगंज कस्बे में जाम लगा दिया।
नाराज कार्यकर्ता अपने नेता को तुरंत छोड़ने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। हालांकि हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस भी हरकत में आई और कुछ ही देर में कांग्रेस नेता को छोड़ दिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुशील पासी ने पुलिसिया उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि महराजगंज की पुलिस भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रही है। जैसे-जैसे 2022 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, बछरावां विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को हार का डर सता रहा है। इसलिए वह पुलिस का सहारा लेकर उनके खिलाफ साजिश रच कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस महासचिव का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। दूसरी ओर, क्षेत्राधिकारी राजकिशोर सिंह के अनुसार दुर्व्यवहार जैसी बात बेबुनियाद है, सुशील पासी को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था।