प्रधानमंत्री मोदी सारनाथ में कड़ी सुरक्षा के बीच देखेंगे लाइट ऐंड साउंड शो

-एसपी सिटी ने पुरातात्विक खंडहर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को परखा
वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी दौरे को देख जिला प्रशासन उनके चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद संजीदा है। प्रधानमंत्री के सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अफसर लगातार होमवर्क कर रहे हैं। 
एसपी सिटी विकास चन्द्र त्रिपाठी गुरुवार अपराह्न मातहतों के साथ सारनाथ पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल को उन्होंने देखा। प्रधानमंत्री देव दीपावली की अद्भुत छटा देखने के साथ यहां लाइट एंड साउंड शो देखेंगे। एसपी सिटी ने परिसर स्थित पुरातात्विक खंडहर परिसर में निर्मित लाइट ऐंड साउंड सिस्टम का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को गहनता से परखा। इसके बाद अफसरों को उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके पहले बीते बुधवार को एएसपी-सीओ कैन्ट अभिमन्यु मांगलिक ने भी सारनाथ का निरीक्षण किया था। सारनाथ में एसपी सिटी के निरीक्षण के बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल भी भाजपा के पदाधिकारियों के साथ वहां पहुंचे। यहां व्यवस्था को परखने के बाद सुहेलदेव पार्क का भी कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने निरीक्षण किया। 

error: Content is protected !!