दुष्कर्म के प्रयास में असफल रहने पर किशोरी को मारा धक्का, मौत

एटा(एजेंसी)। जिले के नयागांव थानाक्षेत्र में शुक्रवार की रात लगभग 10.30 बजे एक युवक द्वारा किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इस प्रयास के दौरान किशोरी जब आरोपित की पकड़ से छूटकर भागी तो वह सड़क पर जा गिरी। परिजन किशोरी को थाने ले गये तो थानेवालों ने पहले उपचार कराने को कहा। थाने और चिकित्सक के चक्कर में शनिवार तड़के किशोरी की मौत हो गयी। परिजनों ने नामजद युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला पंजीकृत कराया है। 
नयागांव थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी यह 14 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की रात अपनी दादी के साथ गांव के ही फूलसिंह के पौत्र जन्म के उपलक्ष में होनेवाले कार्यक्रम में भाग लेने गयी थी। वहां वह लघुशंका के लिए जब रात 10.30 बजे बाहर निकली तो आरोपित मोहित कश्यप पुत्र दलवीर निवासी नगला बनी थाना नयागांव ने उसे दबोच लिया तथा किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इस पर जब किशोरी आरोपित की पकड़ से छूटकर भागी तो आरोपित ने उसे धक्का दे दिया। इससे किशोरी सड़क पर जा गिरी। 
मामले की सूचना पाकर किशोरी के परिजन उसे नयागांव थाना ले गये। यहां थाना प्रभारी ने उन्हें पहले किशोरी के उपचार का परामर्श दिया। इस पर परिजन किशोरी को अलीगंज एक निजी चिकित्सक के पास लाये। किन्तु इस दौरान सर में अत्यधिक चोट के कारण शनिवार तड़के किशोरी की मौत हो गयी। 
नयागांव पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर किशोरी का शव अन्त्यपरीक्षण के लिए एटा भेजा गया है। 

error: Content is protected !!