टोल प्लाजा में अवैध वसूली पर रोक व दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रयागराज (हि.स.)। भाजपा मंडल अध्यक्ष सिरसा श्यामराज यादव को टोल प्लाजा के विवाद में प्राथमिकी दर्ज होते ही तत्काल बिना विवेचना के गिरफ्तारी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसके साथ ही दूसरे पक्ष के टोल प्लाजा के मैनेजर सहित अन्य अभियुक्तों की एक माह बाद भी विवेचना व गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके विरोध में पार्टी के जिला प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को आईजी जोन से मिलकर अवैध वसूली पर रोक व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा यमुनापार के जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती के निर्देशानुसार भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोभ नारायण द्विवेदी व वरिष्ठ भाजपा नेता विभूति नारायण सिंह के साथ जिला पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को आईजी जोन कवीन्द्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। वार्ता करते हुए मंडल अध्यक्ष सिरसा के ऊपर लगे आरोपों की और टोल प्लाजा मैनेजर की गिरफ्तारी ना होने की निष्पक्ष जांच कराने, टोल प्लाजा मुंगारी, टोल प्लाजा गन्ने हर्रो रीवां रोड, टोल प्लाजा जसरा गौहनिया, आदि जगह कर्मचारियों व गुंडों से अवैध वसूली पर तत्काल कार्यवाही करने के साथ औद्योगिक क्षेत्र के इंस्पेक्टर व चौकी प्रभारी रामपुर के साथ अन्य संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेताओं ने औद्योगिक इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी रामपुर के साथ अन्य टोल प्लाजा पर अवैध वसूली में पुलिस वालों का हाथ बताया है। कहा कि टोल प्लाजा मैनेजर व अन्य के ऊपर धारा 147, 307, 386, 504, 506, 427 की 22 अगस्त से प्राथमिकी दर्ज है। थानाध्यक्ष चौकी प्रभारी ने ना विवेचना किया ना ही गिरफ्तारी की। मंडल अध्यक्ष के ऊपर तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर बिना विवेचना के गिरफ्तारी की गई है।
आईजी ने सभी बिन्दुओं को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। भाजपा नेता सुबोध सिंह ने भी अवैध टोल प्लाजा वसूली पर तत्काल कार्यवाही की बात कह उपमुख्यमंत्री को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इस दौरान जिला प्रतिनिधि मंडल मे इंजी. जगदीश यादव, राजेश्वरी तिवारी, त्रिवेणी प्रसाद पाण्डेय, जय सिंह पटेल, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, संतोष त्रिपाठी, सविता त्रिपाठी, विजय शंकर शुक्ला, प्रकाश शुक्ल प्रचंड, सुरेश शुक्ला, हरिदेव धूरिया, मनोज गुप्ता आदि के साथ मंडल अध्यक्षगण भी उपस्थित रहे।